आगरा-उदयपुर के बीच दो सितंबर से वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन शुरू हुआ है। ट्रेन उदयपुर से आगरा के लिए सोमवार, गुरुवार और शनिवार को चलती है। पहले दिन ही ट्रेन के संचालन को लेकर आगरा रेल मंडल और कोटा रेल मंडल के कर्मचारियों के बीच विवाद हो गया था। गुरुवार को ट्रेन अपने निर्धारित समय दोपहर तीन बजे आगरा से उदयपुर के लिए रवाना हुई। वीडियो के अनुसार आगरा से लोको पायलट, सह लोको पायलट, गार्ड सहित अन्य कर्मचारी ट्रेन को लेकर कोटा पहुंचे। यहां से ट्रेन को आगे ले जाने के लिए कोटा रेल मंडल के लोको पायलट सहित पूरी टीम आ गई। इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहे वीडियो में आगरा रेल मंडल की टीम ट्रेन से नहीं उतरी, इसे लेकर विवाद के बाद मारपीट होने लगी। आगरा के लोको पायलट, सह लोको पायलट, गार्ड से मारपीट की गई। मारपीट में कपड़े फट गए। इस दौरान ट्रेन का एक शीशा भी टूट गया। इससे ट्रेन भी देरी से चल रही है और यात्री भी परेशान रहे। आगरा रेल मंडल की जनसंपर्क अधिकारी प्रशस्ति श्रीवास्तव ने बताया कि वंदे भारत ट्रेन के संचालन को लेकर दोनों मंडल के कर्मचारियों के बीच विवाद का मामला संज्ञान में आया है। आगरा से एनसीआर मुख्यालय के निर्देशानुसार टीम भेजी जा रही है.आगरा और कोटा रेल मंडल आपस में वार्ता कर रहे हैं। जल्द ही इसका समाधान निकाल लिया जाएगा।