आगरा (ब्यूरो)। ताज महल इस शहर में वो हसीन इमारत है। जिसका दीदार करने भारत ही नहीं बल्कि विदेशों से भी पर्यटक खिंचे चले आते हैं। औसतन ताजमहल में 20 हजार पर्यटक हर दिन आते हैं। वीकेंड में ये आंकड़ा तीस हजार पर्यटक तक चला जाता है। कई बार पर्यटकों को गोल्फ कार्ट से या पैदल ही अंदर तक जाना पड़ता है। इस बीच ताज महल में पर्यटकों को लपके परेशान करते हैं। कई बार इनके वीडियो भी वायरल हो चुके हैं। फर्जी गाइड और लपकों से पर्यटक लाचार नजर आते हैं। और यहां की खराब छवि ले कर जाते हैं। हालांकि अब ताज सुरक्षा पुलिस इसके लिए अभियान चला रही है।

अन्य स्मारकों पर भी हैं सक्रिय
लपके सिर्फ ताज महल तक ही सीमित नहीं है। शहर में अन्य स्मारकों पर भी लपके सक्रिय हैं। ताज के हालत किसी से छुपे नहीं हैं इसके अलावा एत्माद्दौला और महताब बाग पर भी पर्यटक लपकों से परेशान नजर आते हैं। यूनेस्को की विश्व धरोहर में शामिल स्मारक फतेहपुर सीकरी में पार्किंग से लेकर दरगाह तक फर्जी गाइडों और लपकों का आतंक है। ये पर्यटक कई बार कम्पटीशन में आपस में लड़ाई तक कर लेते हैं। कई बार अभियान चला कर इन पर कार्यवाई भी की गई है। लेकिन हालात कुछ दिन बाद फिर से वही हो जाते हैं।

सस्ते सामान का देते हैं लालच
टूरिस्ट की सुरक्षा और सुविधा को लेकर पर्यटन पुलिस कई बार अभियान चला चुकी है। अक्सर देखा जाता है कि रेलवे स्टेशन और टैक्सी स्टैंड से ही लपके टूरिस्ट के पीछे लग जाते हैं। यहां से पर्यटकों को कम बजट में होटल और पार्किंग की सुविधा के साथ सस्ते सामान की खरीदारी का भी लालच दिया जाता है। ऐसे में टूरिस्ट उनके झांसे में आ जाता है और ठगी का शिकार हो जाता है। इस तरह की घटनाएं रोकने के लिए पर्यटन पुलिस द्वारा अभियान चलाया जाएगा।

धोखाधड़ी से फ्री किया जाएगा यलो जोन
ताज के 500 मीटर का एरिया यलो जोन में रखा गया है पर्यटकों को लपकों और फर्जी गाइडों से हो रही समस्या को देखते हुए ताज सुरक्षा पुलिस द्वारा टूरिज्म डिलाइट अभियान चलाया जा रहा है इस अभियान के तहत दुकानदारों, टूरिस्ट गाइडों और वेंडरों से बात की गई। हिदायत भी दी है कि किसी भी टूरिस्ट के साथ कोई भी धोखाधड़ी हुई तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ताजमहल के 500 मीटर के दायरे में कोई भी पर्यटक को परेशान नहीं करेगा और न ही जबरदस्ती ज्यादा कीमतों पर समान बेचेगा अगर ऐसा हुआ तो कड़ी कार्यवाई की जाएगी।

अक्टूबर से शुरू हो रहा है पर्यटन सीजन

एक अक्टूबर से आगरा में पर्यटन सीजन शुरू हो रहा है। इस दौरान देश-विदेश से लाखों की संख्या में हर साल पर्यटक ताजमहल और आगरा में स्मारकों का दीदार करने के लिए पहुंचते हैं। इन सभी पर्यटकों को सेफ फील कराने के लिए ताज सुरक्षा पुलिस की ओर से टूरिस्ट डिलाइट अभियान को शुरू किया गया है। ताकि किसी भी पर्यटकों के साथ धोखाधड़ी की घटना ना हो और उनके साथ अच्छा अनुभव लेकर वापस जाएं।