कानपुर (इंटरनेट डेस्क)। Sawan 2023 : सावन का पवित्र महीना भगवान शिव का बहुत प्रिय महीना माना जाता है। शिव और सावन एक-दूसरे के पूरक माने जाते हैं। मान्यता है कि सावन के महीने में भगवान शिव की पूजा करने से जीवन में सुख समृद्धि का आगमन होने के साथ खुशियां आती हैं। हिंदू पंचांग के मुताबिक इस साल सावन दो महीने का रहेगा जो कि ज्योतिषीय दृष्टिकोण से बहुत ही शुभ अवसर होगा। सावन 4 जुलाई से शुरू हो रहा है और 31 अगस्त तक चलेगा यानी कि यह पवित्र महीना कुल 58 दिनों का होगा। इस साल एक अतिरिक्त महीना, जिसे अधिक मास या मल मास कहा जाता है। इसे पुरुषोत्तम का महीना भी कहा जाता है। ज्योतिषाचार्यों के मुताबिक इतना लंबा सावन 19 साल बाद हो रहा है।

सावन के महीने में कांवड़ यात्रा का आयोजन
सावन के महीने में कांवड़ यात्रा का भव्य आयोजन भी होता है। शिव भक्त पारंपरिक पोशाक पहनते हैं, अपने कंधों पर पानी के बर्तन (जिन्हें कांवर कहा जाता है) ले जाते हैं। इस तीर्थयात्रा में पवित्र नदियों, जैसे गंगा आदि से भगवान शिव को अर्पित करने के लिए जल इकट्ठा करना होता है। इसके अलावा सावन के महीने में सोमवार का विशेष महत्व होता है। सावन के सोमवार का व्रत किया जाता है। सावन का महीना और सावन का दिन सोमवार भगवान शिव को विशेष रूप से प्रिय है। सावन के सोमवार को भक्त अपने पूज्य देवता भगवान भोलेनाथ की पूजा करते हैं। इस साल सावन में पूरे 8 सोमवार पड़ रहे हैं। पहला 10 जुलाई, 17 जुलाई, 24 जुलाई, 31 जुलाई, 7 अगस्त, 17 अगस्त, 21 अगस्त और आखिरी 28 अगस्त को है।