कानपुर (इंटरनेट डेस्क)। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी एक बार फिर विवादों में घिरते नजर आ रहे हैं। दरअसल राहुल गांधी तीन दिनों की अमेरिका यात्रा पर गए। जहां उन्होंने अमेरिका की रेबर्न हाउस ऑफिस बिल्डिंग में कई अमेरिकी सांसदों से मुलाकात की। इन लोगों में इल्हान उमर भी शामिल थीं। इल्हान की मौजूदगी सबका ध्यान इसलिए खींच रही है क्योंकि वो भारत के लिए अपने विरोधी रूख के लिए जानी जाती हैं। इल्हान ने कई मुद्दों पर भारत का विरोध किया और पाकिस्तान का खुलेआम समर्थन किया है। ऐसे में राहुल की इल्हान से मुलाकात ने सियासी सरगर्मी को बढ़ा दिया है। आपको बता दें कि राहुल की इस बैठक की मेजबानी कांग्रेसी ब्रैडली जेम्स शेरमेन ने की। इसके साथ ही इस बैठक में अमेरिकी कांग्रेस के सदस्य जोनाथन जैक्सन, रो खन्ना, राजा कृष्णमूर्ति, बारबरा ली, श्री थानेदार, जीसस जी. चुय गार्सिया, इल्हान उमर, हैंक जॉनसन और जान शाकोवस्की भी शामिल थे।

भाजपा ने साधा राहुल पर निशाना
राहुल गांधी की इल्हान उमर से मुलाकात पर भाजपा के आईटी सेल के प्रभारी अमित मालवीय ने निशाना साधते हुए कहा, "विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने अमेरिका में इल्हान उमर से मुलाकात की, जो पाकिस्तान प्रायोजित भारत विरोधी आवाज है। एक कट्टरपंथी इस्लामवादी और स्वतंत्र कश्मीर की पैरोकार है। यहां तक कि पाकिस्तानी नेता भी ऐसे उग्र तत्वों के साथ देखे जाने को लेकर अधिक सतर्क होंगे। कांग्रेस अब खुलेआम भारत के खिलाफ काम कर रही है।"

क्या बोले निशिकांत दुबे
राहुल और इल्हान की मुलाकात को लेकर भाजपा सांसद निशिकातं दुबे नें भी अपने एक्स अकाउंट पर पोस्ट करते हुए, राहुल पर हमला बोला है। निशिकांत दुबे ने लिखा, लाल घेरे में यह महिला अमेरिका में डेमोक्रेटिक पार्टी की नेता इलहान उमर है। खालिस्तान और कश्मीर को अलग देश बनाने का लगातार समर्थन करती है। अभी अमेरिका में राहुल गांधी इसी एजेंडे के लिए समर्थन जुटा रहे हैं।

कौन हैं भारत विरोधी इल्हान उमर
इल्हान उमर अमेरिकी प्रतिनिधि सभा की सदस्य हैं और भारत का कई मुद्दों पर खुला विरोध कर चुकी हैं। जिसकी वजह से उन्हें भारत का कट्टर विरोधी माना जाता है। इल्हान गुलाम कश्मीर की भी यात्रा कर चुकी हैं। ये उस टाइम की बात है जब पाकिस्तान में इमरान खान की सरकार थी। जब भारत ने इल्हान की इस यात्रा का विरोध किया तो अमेरिका ने इस बात से किनारा कर लिया। जानकारी के लिए बता दें कि इल्हान उमर का जन्म 4 अक्टूबर 1982 को सोमालिया के मोगादिशु में हुआ था और इस टाइम वो मिनसोटा से सांसद भी हैं।

भारत में धार्मिक आजादी को लेकर उठा चुकी हैं सवाल
अमेरिकी अश्वेत महिला इल्हान उमर भारत में धार्मिक आजादी को लेकर भी सवाल उठा चुकी हैं। उन्होंने अमेरिकी संसद में एक प्रस्ताव भी पेश किया था। इस प्रस्ताव में उन्होंने मांग की थी कि भारत को धार्मिक स्वतन्त्रता की चिंताजनक स्थिति वाला देश घोषित किया जाए। इसके साथ ही वो अमेरिकी संसद में पीएम मोदी के भाषण का भी बहिष्कार भी कर चुकी हैं।

इल्हान के कट्टर विरोधी हैं डोनाल्ड ट्रंप
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इल्हान उमर के कट्टर विरोधी माने जाते हैं। ट्रंप ने कई मौकों पर इल्हान को लेकर सवाल उठाए थे। ट्रंप इल्हान पर अपने सगे भाई से शादी करने का भी आरोप लगा चुके हैं। आपको बता दें कि इल्हान इजरायल पर भी विवादित टिप्पणी कर चुकी हैं। जिसके बाद अमेरिका के निचले सदन ने उन्हें विदेश मामलों की समिति से बाहर कर दिया था।

International News inextlive from World News Desk