नई दिल्ली (एएनआई)। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी फाइनली अब चुनाव के मैदान में उतरने जा रही हैं। वह बुधवार को केरल में वायनाड लोकसभा उपचुनाव के लिए अपना नामिनेशन फाइल करेंगी। वायनाड में उपचुनाव 13 नवंबर को होना है। प्रियंका गांधी अपनी मां और कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे, अपने भाई और कांग्रेस नेता राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल और कई अन्य नेताओं की मौजूदगी में नामांकन पत्र दाखिल करेंगी। प्रियंका गांधी ने मंगलवार को सोनिया गांधी के साथ केरल पहुंचने के बाद निर्वाचन क्षेत्र के एक स्थानीय परिवार और एक पूर्व सैनिक के घर का दौरा किया। सुल्तान बाथरी पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने दोनों का स्वागत किया


वायनाड सीट पर प्रियंका गांधी का इनसे होगा मुकाबला

वायनाड सीट लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा खाली की गई थी, जिन्होंने रायबरेली लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र को बरकरार रखा। प्रियंका गांधी का मुकाबला भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उम्मीदवार नव्या हरिदास और लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (एलडीएफ) के उम्मीदवार सत्यन मोकेरी से है। हरिदास दो बार कोझीकोड निगम पार्षद रह चुके हैं।
गांधी परिवार से संसद में पहुंचने वाली तीसरी शख्सियत
राहुल गांधी ने वायनाड से प्रियंका गांधी के जीतने का भरोसा जताया है। वहीं अगर प्रियंका गांधी वायनाड से जीतती हैं, तो वह गांधी परिवार से संसद में पहुंचने वाली तीसरी शख्सियत होंगी। प्रियंका सक्रिय राजनीति में आने से पहले अमेठी और रायबरेली में गांधी परिवार के गढ़ की देखभाल करने के लिए जिम्मेदार थीं, जहां वह अपनी पार्टी के लिए एक महत्वपूर्ण रणनीतिकार के रूप में उभरीं।

National News inextlive from India News Desk