मंडे शाम सोनप्रयाग के पास हुए हादसे के बाद पुलिस प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा को लेकर शाम पांच बजे बाद यात्रियों की आवाजाही पर पूरी तरह रोक लगा दी है। घटना में जिन यात्रियों की दर्दनाक मौत हुई है उन्हें पुलिस ने गौरीकुंड में रोकने के तमाम प्रयास किए। लेकिन वे बिल्कुल नहीं माने। बताया जा रहा है कि इस वजह से ये हादसा हुआ।

देहरादून (ब्यूरो) केदारनाथ पैदल मार्ग के साथ ही सोनप्रयाग से गौरीकुंड तक हाइवे पर भी लगातार बिना बारिश के पत्थर गिरने का नाम ले रहे हैं। जिससे दर्दनाक हादसा होने का खतरा बना हुआ है। गत शाम सोनप्रयाग में हुए दर्दनाक हादसे को लेकर पुलिस प्रशासन भी सचेत हो गई है। नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक अक्षय कोंडे ने खुद घटनास्थल का जायजा लिया। इस दौरान एसपी गौरीकुंड में सीसीटीवी फुटेज चेक की। यात्रियों की आवाजाही के समय को लेकर भी गहन पड़ताल की। कहा, सोनप्रयाग और गौरीकुंड के बीच मार्ग काफी संवेदनशील बना है। ऐसे में यात्रियों की सेफ्टी को देखते हुए शाम 5 बजे बाद सोनप्रयाग से गौरीकुंड और गौरीकुंड से सोनप्रयाग आने वाले यात्रियों की आवाजाही न कराई जाए। उन्होंने दिन में भी बारिश होने या फिर यात्रा मार्ग पर खतरे को देखते हुए मौके पर सक्षम अधिकारियों को अपने विवेक से निर्णय लेने के लिए भी निर्देशित किया है। अब तक सोनप्रयाग से गौरीकुंड और गौरीकुंड से सोनप्रयाग के लिए सांय 6 बजे तक यात्रियों की आवाजाही हो रही थी।

सोनप्रयाग हादसे में मृतक यात्रियों की संख्या 5 पहुंची
मंडे शाम को केदारनाथ दर्शन कर पैदल सोनप्रयाग वापस लौट रहे 5 यात्रियों की भूस्खलन की चपेट में आने से मौत हो गई। जबकि, घायल 3 यात्रियों में से दो की छुट्टी दे दी गई है। एक यात्री को एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया है। उधर, इस घटना की जांच के आदेश डीएम द्वारा दिए गए हैं। दरअसल, मंडे देर शाम करीब 7.30 बजे ये यात्री केदारबाबा के दर्शन कर वापस लौट रहे थे। इस बीच गौरीकुंड से 4 किमी सोनप्रयाग की ओर मुनकटिया में अचानक पहाड़ी से भरभराकर बोल्डर मलबा आ गया। इसकी चपेट में 8 यात्री आ गए। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन, एसडीआरएफ व एनडीआरएफ की ओर से संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाया गया। रेस्क्यू के दौरान देर रात्रि को इस स्थान से 3 यात्री घायल अवस्था में निकाले गये। एक अचेत अवस्था में मिला, जिसको डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया गया। उसके बाद ट्यूजडे को पुलिस, एसडीआरएफ ने खोजबीन शुरू की। रेस्क्यू टीमों को इस स्थल 2 महिला व एक पुरुष अचेत अवस्था में मिले। जिनको डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित किया गया है। इस प्रकार हादसे में मृतकों की संख्या 5 हो गयी है। मृतकों में गोपाल निवासी जीजोड़ा मध्य प्रदेश, दुर्गाबाई खापर निवासी नेपावाली मध्य प्रदेश, तितली देवी निवासी ग्राम वैदेही जिला धनवा नेपाल, भारत भाई निरालाल खटोदरा सूरत गुजरात और समनबाई निवासी झिझोरा मध्य प्रदेश शामिल हैं।

dehradun@inext.co.in

Posted By: Inextlive