वेतन की मांग को लेकर नगर निगम वाराणसी वेस्ट वाराणसी वेस्ट साल्यूशन के सफाईकर्मी मंगलवार को हड़ताल पर रहे. पीलीकोठी के धनेसरा तालाब परिसर भेलूपुर जलकल परिसर बेनियाबाग में सफाई कर्मचारियों ने जोरदार प्रदर्शन किया और नगर निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की. इस दौरान पूरे शहर की सफाई व्यवस्था ठप हो गई

वाराणसी (ब्यूरो)। वेतन की मांग को लेकर नगर निगम (वाराणसी वेस्ट वाराणसी वेस्ट साल्यूशन) के सफाईकर्मी मंगलवार को हड़ताल पर रहे। पीलीकोठी के धनेसरा तालाब परिसर, भेलूपुर जलकल परिसर, बेनियाबाग में सफाई कर्मचारियों ने जोरदार प्रदर्शन किया और नगर निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की। इस दौरान पूरे शहर की सफाई व्यवस्था ठप हो गई। शहर में सुबह से कूड़ा नहीं उठा। कूड़ा न उठने से कई स्थानों पर दुर्गंध फैल गई। प्रदर्शन करने वाले सफाई कर्मचारियों का आरोप है कि पिछले दो माह से वेतन के नाम पर एक रुपया नहीं मिला है। वेतन के लिए कंपनी व निगम से कई बार अनुरोध किया गया। इसके बाद भी निगम ने वेतन नहीं दिया। इसे देखते हुए हड़ताल की चेतावनी भी दी गई थी। इसके बावजूद निगम ने गंभीरता से नहीं लिया। ऐसे में सफाईकर्मियों को आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ा। सफाई कर्मियों के हड़ताल के कारण निगम की सफाई व्यवस्था चरमरा गई।

पब्लिक की बढ़ी परेशानी

शहर में लोगों के घरों में कूड़े के ढेर लगने लगे हैं। ऐसे में आगामी दिनों में जनता की दिक्कतें और बढ़ सकती हैं। सफाई कर्मियों को आंदोलन के चलते घर-घर भी कूड़ा नहीं हो सका। वहीं भवनिया पोखरी, बेनियाबाग, शिवपुर, इंग्लिशियालाइन, हरतीरथ, शिवाला मछोदरी सहित शहर के अन्य कूड़ा घरों से भी कूड़ा उठान नहीं हो सका। इंग्लिशियालाइन मार्ग पर आधी सड़क कूड़े से पटी हुई है। इसी प्रकार भदैनी, खोजवा, कमच्छा से रेवड़ी तालाब मार्ग पर भी कूड़े का ढेर लगा हुआ है। कर्मचारियों का आरोप है कि निगम प्रशासन वेतन जारी नहीं कर रहा है। कर्मचारियों ने कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होती हैं, तब तक कोई भी कर्मचारी कार्य पर नहीं लौटेगा। अगर निगम प्रशासन ने समय रहते उनकी मांगें पूरी नहीं की तो आंदोलन को और उग्र कर दिया जाएगा। उधर नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा। पीके शर्मा ने कहा दोपहर बाद कूड़ा उठाने का दावा किया है। वहीं, सफाई कर्मचारियों ने कहा कि हम लोगों ने आज कूड़ा नहीं उठाया है।

----------------

सत्यापन के बाद सफाई कर्मियों का वेतन जारी करने का निर्णय लिया गया था। इस क्रम में गत माह सफाई कर्मियों के वेतन के मद में कुछ धनराशि जारी की गई थी। वहीं पिछले माह का भी सत्यापन करा लिया गया है। ऐसे में दो दिनों के भीतर वेतन जारी होने की संभावना है। वहीं कंपनी को कूड़ा उठवाने का निर्देश दिया गया है। ऐसे में 26 जून यानी बुधवार से कूड़ा उठान पहले की भांति होगा।

-अक्षत वर्मा, नगर आयुक्त।

Posted By: Inextlive