आठ महीने में नगर निगम काफी समृद्ध हो गया. नगर निगम सीमा का विस्तार होने के बाद नगर निगम को 52 गांवों में 235.934 हेक्टेयर प्रॉपर्टी मिली है.

वाराणसी (ब्यूरो)आठ महीने में नगर निगम काफी समृद्ध हो गया। नगर निगम सीमा का विस्तार होने के बाद नगर निगम को 52 गांवों में 235.934 हेक्टेयर प्रॉपर्टी मिली है। इसके बाद भी नगर निगम को अभी 28 और गांवों में जमीन कब्जा होने की सूचना है। इसे भी नगर निगम जल्द ही कब्जे से मुक्त कराएगा तब नगर निगम और मालामाल हो जाएगा। नगर निगम इन जमीन पर मॉल, मॉडल पार्क और लॉन बनाएगा, जिससे आम पब्लिक को सहूलियत मिले और रेवेन्यू भी जनरेट हो.

84 से अधिक गांव शामिल

नगर निगम की अपर नगर आयुक्त सविता यादव ने बताया, नगर निगम का विस्तार होने के बाद नगर निगम की सीमा बढ़ गयी है। 84 से अधिक गांव नगर निगम सीमा में शामिल हुए हैं। इन गांवों में नगर निगम की कई प्रॉपर्टी मिली हैं। निगम की इन प्रॉपर्टी पर क्षेत्रीय लोगों ने कब्जा जमा रखा था। इसके बाद नगर निगम ने अपने प्रॉपर्टी का चिह्नांकन शुरू किया। जहां-जहां निगम की प्रॉपर्टी मिली। उसे कब्जे से मुक्त कराने के बाद निगम ने अपना बोर्ड लगा दिया है।

संपत्तियों का सत्यापन जारी

नगर निगम का नव विस्तारित इलाकों में संपत्तियों का सत्यापन जारी है। अब तक 52 गांवों में 235.934 हेक्टेयर निगम की जमीन चिह्नित की गई है। बाकी का चिह्नांकन कार्य किया जा रहा है। चुनाव बाद इन जमीनों का इस्तेमाल शहर के विकास कार्य में किया जाएगा।

लगाए जा रहे निगम के बोर्ड

सर्वेक्षण में पाया गया कि 235.934 हेक्टेयर भूमि में 32.654 हेक्टेयर भूमि पर अतिक्रमण है। 201.280 हेक्टेयर भूमि अतिक्रमणमुक्त है। अतिक्रमणमुक्त भूमि को सुरक्षित रखने के लिए सामान्य अभियंत्रण विभाग को हिदायत दी गई है। सामान्य विभाग की ओर से भूमि पर बोर्ड लगवाए जा रहे हैं।

40 और गांव में जमीन की तलाश

अपर नगर आयुक्त ने बताया कि अभी तक 52 गांव में जमीन मिलने के बाद अभी 40 और गांव हैं। जहां जमीन का चिह्नांकन किया जाएगा। इन गांवों में भी कई तालाब, कुंड और जमीन हैं। इनको तलाश कर चिह्नांकन किया जाएगा। इसके बाद कब्जा करने के बाद नगर निगम का बोर्ड लगाया जाएगा।

नगर निगम होगा मालामाल

नगर निगम का विस्तार होने के बाद प्रॉपर्टी में भी काफी विस्तार हो जाएगा। गांवों में मिली प्रॉपर्टी पर मॉल, मॉडल पार्किंग के अलावा लॉन बनाए जाएंगे। सभी से रेवेन्यू जनरेट किया जाएगा।

नगर निगम सीमा का विस्तार होने के बाद काफी जमीनें मिली हैं। अभी जमीनों का मूल्यांकन होना बाकी है। इसके बाद नगर निगम अपने अनुसार इन जमीनों को उपयोग में लाएगा.

सविता यादव, अपर नगर आयुक्त

फैक्ट एंड फीगर

52 गांव में सत्यापन

235.934 हेक्टेयर जमीन मिली

40 गांव में जमीन की तलाश जारी

Posted By: Inextlive