मानसून की दोनों शाखाओं की सक्रियता बढऩे के साथ ही दक्षिण-पश्चिम मानसून ने शुक्रवार को प्रदेश के उत्तरी एवं दक्षिणी भाग को पूर्णतया आच्छादित कर लिया.

वाराणसी (ब्यूरो)। मानसून की दोनों शाखाओं की सक्रियता बढऩे के साथ ही दक्षिण-पश्चिम मानसून ने शुक्रवार को प्रदेश के उत्तरी एवं दक्षिणी भाग को पूर्णतया आच्छादित कर लिया। उत्तर-पूर्वी राजस्थान पर बने चक्रवाती परिसंचरण से बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र तक विस्तारित पूर्वी-पश्चिमी द्रोणी के प्रभाव से बंगाल की खाड़ी में हलचल बढ़ गई है। बनारस में मानसून पहुंच चुका है। शनिवार से बारिश होने की संभावना मौसम विज्ञानियों ने जताई है।

अगले चार से पांच दिनों में मेघगर्जन एवं वज्रपात के साथ बारिश होने की संभावना बनी है। चार जुलाई तक अच्छी बारिश हो सकती है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 27.5 डिग्री रिकार्ड रिकार्ड किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से 2.5 डिग्री अधिक रहा। बीएचयू के भू-भौतिकी विभाग के पूर्व प्रोफेसर और मौसम विज्ञानी सुरेन्द्र नाथ पांडेय ने बताया कि मानसून आ चुका है। उमस वाली गर्मी शुरू हो चुकी है। बारिश होने के बाद ही राहत मिल सकती है। मध्य रात्रि से लेकर शनिवार को सुबह तक बारिश की पूरी संभावना बन रही है।

Posted By: Inextlive