सृष्टि के अभियंता से मांगा कारोबार में उन्नति विधि-विधान से हुआ पूजन विश्वकर्मा मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए रही भारी भीड़


वाराणसी (ब्यूरो)आदि विश्वेश्वर की नगरी काशी देवशिल्पी विश्वकर्मा की भक्ति में समर्पित रही। आस्थावानों ने ब्रह्मांड के पहले इंजीनियर का विधि-विधान से पूजन किया। सभी ने भगवान विश्वकर्मा से कल-कारखाना चले इसके लिए प्रार्थना की.सुबह से देर रात तक अनुष्ठानों व आयोजनों का क्रम चलता रहा। विश्वकर्मा मंदिरों को सुगंधित फूल-मालाओं और रंग बिरंगी विद्युत झालरों से सजाया गया.

बीएलडब्ल्यू में पूजन

सृजन के देवता की जयंती पर रविवार को नगर के छोटे बड़े सभी कल-कारखानों, लोहे और मशीनरी से जुड़े प्रतिष्ठानों व औद्योगिक आस्थानों में सुबह से ही उत्सवी माहौल था। अपनी शक्ति सामथ्र्य और कारोबार के हिसाब से साज-सज्जा भी की गई थी। बीएलडब्ल्यू में भगवान विश्वकर्मा के पूजन के लिए पूरे परिसर को सजाया गया। पूजन के बाद सभी में प्रसाद का वितरण किया गया। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ.

छोटी-बड़ी प्रतिमाओं का पूजन

शहर के कल-कारखानों और प्रतिष्ठानों को भव्यतापूर्वक सजाया गया तो कहीं कागज की झंडियां लहराती दिखीं। भगवान विश्वकर्मा की छोटी-बड़ी प्रतिमाओं के पूजन का क्रम सुबह से ही शुरू हो गया था। पूजन का मुहूर्त विगत वर्षों की अपेक्षा काफी कम समय के लिए होने से पुरोहितों को थोड़ी दिक्कत हुई.

विभिन्न व्यंजनों का लगा भोग

फैक्ट्री, वर्कशॉप, ऑफिस, दुकान आदि स्थानों पर कलश स्थापना से पूजन की शुरुआत हुई। अक्षत, फूल, चंदन, धूप, अगरबत्ती, दही, रोली, सुपारी, रक्षा सूत्र, मिठाई, फल आदि उन्हें समर्पित किए गए। कारीगरों ने अपने औजारों व यंत्रों की भी पूजा की। रोली-अक्षत लगाया। पूरे दिन औजारों का इस्तेमाल नहीं किया गया्र। विभिन्न संस्थानों में झांकी सजाई गयी। जयंती पर जगह-जगह प्रसाद वितरण भी किया गया। भगवान विश्वकर्मा की पूजन-अर्चन संग कामगारों से लेकर मालिकों तक ने कारोबार में लाभ और उन्नति की कामना की.

विश्वकर्मा मंदिर में सजी झांकी

विशेश्वरगंज स्थित महामृत्यंजय रोड स्थित मंदिर में भगवान विश्वकर्मा का भव्य श्रृंगार किया गया। विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाया गया और भक्तों में वितरण किया गया। सृष्टि के अभियंता का दर्शन पूजन करने के लिए सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा। सभी कल-कारखानों में उन्नति के लिए प्रार्थना की। इस अवसर पर शिवशंकर विश्वकर्मा, सोमनाथ विश्वकर्मा, राजेश सिंह ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन की.

Posted By: Inextlive