गाजीपुर के डुहिया गांव में शुक्रवार की रात रास्ते को बराबर करने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया. गाली-गलौज के बाद बात इतनी आगे बढ़ी की एक पक्ष फायर झोंक दिया. जिससे गांव के अभिषेक राय के पैर में गोली लग गई.

वाराणसी (ब्यूरो)गाजीपुर के डुहिया गांव में शुक्रवार की रात रास्ते को बराबर करने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। गाली-गलौज के बाद बात इतनी आगे बढ़ी की एक पक्ष फायर झोंक दिया। जिससे गांव के अभिषेक राय के पैर में गोली लग गई। गोली चलने के बाद अफरातफरी का माहौल हो गया। थानाध्यक्ष राजेश त्रिपाठी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। युवक का उपचार राजकीय मेडिकल कालेज के अस्पताल में चल रहा है। इस मामले में एक नामजद व दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

डुहिया गांव निवासी अरविंद राय अपने घर को जाने वाले रास्ते पर चार दिन पूर्व मिट्टी गिराए थे। शुक्रवार की रात वह जेसीबी से मिट्टी को बराबर करवा रहे थे। उसी दौरान अंशु राय पहुंचा और इसका विरोध करने लगा। उसका कहना था कि मिट्टी गिरने से सड़क ऊंची हो गई है। ऐसे में घर व बरसात का पानी निकलने में समस्या होगी। इसको लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी। आरोप है कि उसी दौरान अंशु ने तमंचा निकालकर अभिषेक राय के ऊपर फायर झोंक दिया। बचने के दौरान गोली उसके पैर में लग गई। बेटे को गोली लगने के बाद पिता अरविंद ने आरोपित को पकडऩे का प्रयास किया लेकिन वह भागने में सफल हो गया। ग्रामीणों का कहना है कि दोनों पक्ष में कई दिनों से तनातनी चल रही थी। धमकी भी दी गई थी.

रास्ते में मिट्टी गिराकर उसे जेसीबी से बराबर करने को लेकर विवाद हुआ था। गोली अभिषेक के पैर में लगी है। वह खतरे से बाहर है। इस मामले में अभिषेक के पिता अरविंद राय की तहरीर पर अंशु राय व दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश की जा रही है.

-राजेश त्रिपाठी, थानाध्यक्ष सुहवल.

Posted By: Inextlive