बलिया-बैरिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार की रात में बेलहरी हनुमान मंदिर के पास डिजायर कार के धक्के से बाइक सवार मलिकपुरा ग्राम थाना हल्दी निवासी युवक धनजी यादव व सरोज यादव घायल हो गए.

वाराणसी (ब्यूरो)बलिया-बैरिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार की रात में बेलहरी हनुमान मंदिर के पास डिजायर कार के धक्के से बाइक सवार मलिकपुरा, ग्राम थाना हल्दी निवासी युवक धनजी यादव व सरोज यादव घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे हल्दी थानाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने दोनों को घायल अवस्था में जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया, लेकिन कुछ देर के उपचार के बाद दोनों ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। धनजी आर्मी में हिमाचल प्रदेश के शिमला में सूबेदार पद पर तैनात थे। कुछ दिन पूर्व छुट्टी लेकर घर आए थे। दूसरा युवक सरोज भी कोलकाता के हावड़ा में लाइन होटल चलाते थे। वह अभी कुछ दिनों से गांव पर आए हुए थे। धनजी और सरोज दोस्त थे.

बाइक सवार दोनों युवक शुक्रवार को परिवार की एक महिला को उपचार कराने के लिए जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराकर लौट रहे थे। वहां से देर रात घर लौट रहे थे। इसी बीच बैरिया की तरफ से बलिया जा रही तेज रफ्तार डिजायर कार ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे दोनों बाइक के साथ सड़क के किनारे जा गिरे। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग तत्काल घटना स्थल पर पहुंचे। पुलिस को भी सूचित किया। इसी बीच कार सवार मौके पर अपनी कार छोड़ भीड़ का फायदा उठाकर भाग निकला। अचानक हुई दो लोगों की मौत से मलिकपुरा गांव में सन्नाटा पसर गया। धनजी यादव अपने दो भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके पिता की मृत्यु कुछ समय पूर्व हो गई थी। घटना के बाद पत्नी किरण देवी, माता प्रभावती देवी एकमात्र पुत्री कृति का रोते-रोते बुरा हाल है। सरोज यादव अपने परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य था। उनकी अचानक हुई मौत से पिता शिव जग यादव, माता प्रभावती देवी बेहाल हो गए हैं। दोनों मृतक के घर शोक संवेदना व्य1त करने वाले लोगों का तांता लगा हुआ है। पुलिस ने दोनों वाहनों को अपनी कब्जे में ले लिया है.

Posted By: Inextlive