आजमगढ़ स्थानीय थाना के नोनरा गांव स्थित पोखरे में शुक्रवार की शाम मां के साथ कपड़ा धोने गईं दो बहनों 13 वर्षीय रिया व 11 वर्षीय रानी की डूबने से मौत हो गई. आंखों के सामने हुए हादसे से मां सरोज सदमे में है

वाराणसी (ब्यूरो)। आजमगढ़ स्थानीय थाना के नोनरा गांव स्थित पोखरे में शुक्रवार की शाम मां के साथ कपड़ा धोने गईं दो बहनों 13 वर्षीय रिया व 11 वर्षीय रानी की डूबने से मौत हो गई। आंखों के सामने हुए हादसे से मां सरोज सदमे में है। रमेश विश्वकर्मा की पत्नी सरोज शाम को गांव के बाहर पोखरे पर अपनी दोनों बेटियों के साथ कपड़ा धोने के लिए गई थी। सरोज पोखरे के किनारे कपड़ा धोने लगी, वहीं दोनों बेटियां पोखरे में नहाने लगीं। छोटी बेटी रानी नहाते समय गहरे पानी में चली गई। यह देख उसकी बड़ी बहन रिया उसे बचाने के लिए आगे बढ़ी तो वह भी डूबने लगी। इसी बीच कपड़ा धो रही उसकी मां की नजर दोनों पड़ गई।

वह जोर-जोर से चिल्लाते हुए पोखरे में चली गई। जब तक वह बचाने का प्रयास करती दोनों पानी के अंदर समा गईं। सरोज के चीखने चिल्लाने पर आसपास के लोग तत्काल मौके पर पहुंचे। पोखरे से दोनों को बाहर निकलकर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य बरदह ले गए, जहां डाक्टर ने दोनों को जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। रिया चार बहनों में सबसे बड़ी थी, वह कक्षा छह में और रानी कक्षा पांच में पढ़ती थी। मृतक के पिता रमेश घर पर रहकर लकड़ी का काम करते हैं। पुलिस दोनों शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई में जुट गई है। इस मौत ने स्वजन को झकझोर कर रख दिया था। पीडि़त परिवार को लोग ढांढस बंधाते रहे। इस मौत से गांव के अधिकतर घरों के चूल्हे नहीं जले।

Posted By: Inextlive