Lucknow news: राजधानी के दुबग्गा के बरावन कला एरिया में शनिवार देर रात घर का दरवाजा तोड़ कर घर में घुसे बदमाश ने लूटपाट का प्रयास किया। उस दौरान घर पर एक महिला ही थी जिसने हिम्मत दिखाते हुए चोर का सामना किया। इस पर चोर ने घूंसा मार कर महिला को बेहोश कर दिया और उनका मंगलसूत्र लूट कर भाग गया।

लखनऊ (ब्यूरो)। दुबग्गा के बरावन कला एरिया में शनिवार देर रात घर का दरवाजा तोड़ कर घर में घुसे बदमाश ने लूटपाट का प्रयास किया। मोर्चा लेते हुए महिला ने बदमाश का डटकर सामना किया। इसपर बदमाश ने घूंसा मार कर महिला को बेहोश कर उसका मंगलसूत्र लूट लिया और मौके से भाग निकला।

घर पर अकेली थी महिला
बरावन कला निवासी सुरेश त्रिपाठी पत्नी आरती के साथ घर में रहते हैं। उन्होंने बताया कि शुक्रवार रात को उनके पड़ोस में एक कार्यक्रम था, जिसमें शामिल होने के लिए वह वहां गए थे। पत्नी आरती घर पर अकेली थी। देर रात करीब 12 बजे एक बदमाश उनके घर के बाहर पहुंचा और उसने घर का दरवाजा खटखटाया। दरवाजा न खुलने पर बदमाश ने दरवाजे पर लात मार कर कुंडी तोड़ दी। दरवाजा खुलने की आवाज सुनकर आरती अपने कमरे से बाहर आई तो उसने बदमाश को देखा और वह चिल्लाने लगी।

बदमाश ने मारा घूंसा
इसपर बदमाश ने आरती का मुंह दबाने की कोशिश की। आरती ने हिम्मत दिखाते हुए बदमाश से मोर्चा लिया। इसपर बदमाश ने उसकी नाक पर घूंसा जड़ दिया, जिससे वह बेहोश होकर जमीन पर गिर गईं। यह देखकर बदमाश उसका मंगलसूत्र लूट कर वहां से भाग निकला।

पति को फोन कर दी सूचना
होश में आने पर आरती ने खुद को किसी तरह संभाला और पति को काल कर इसकी सूचना दी। इसपर पति भागकर घर पहुंचे। पीडि़त ने घटना की सूचना कंट्रोल रूम पर दी। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पीडि़त ने इस मामले की रविवार को तहरीर दी है। इंस्पेक्टर अभिनव कुमार वर्मा ने बताया पीडि़त की तहरीर पर जांच की जा रही है।

Posted By: Inextlive