Lucknow news: राजधानी के सभी दुर्गा पूजा पंडालों में एक साथ की जाएगी संधि पूजा। दुर्गा पंडालों में मां भगवती के दर्शन के लिए सुबह से देर रात तक जुट रही भक्तों की भारी भीड़।

लखनऊ (ब्यूरो)। राजधानी के सभी दुर्गा पूजा पंडालों में शुक्रवार को एक साथ संधि पूजा का आयोजन किया जाएगा। बंगाली समाज की इस खास पूजा को लेकर दुर्गा पंडालों में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। ढाक की धुन पर धुनुचि आरती के साथ सुबह पूजन आयोजित की जाएगी। वहीं, रविवार को ङ्क्षसदूर खेला के साथ प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा।

अष्टमी और नवमी में पूजा
बादशाहनगर दुर्गा पूजा कमेटी की प्रिया सिन्हा ने बताया कि शुक्रवार को सुबह 6:24 से 7:12 बजे तक संधि पूजा की जाएगी। 48 मिनट की पूजा में 24 मिनट अष्टमी में और 24 मिनट नवमी में पूजन किया जाएगा। 101 कमल व गुड़हल के फूलों के साथ मां भगवती का पूजन किया जाता है। अष्टमी और नवमी के बीच मां ने चंड-मुंड का संहार किया था, इसलिए यह पूजा काफी खास होती है।

संडे को सिंदूर खेला
राजधानी में शनिवार को महानवमी और संडे को ङ्क्षसदूर खेला के साथ मां की प्रतिमा का विधि विधान से विसर्जन किया जाएगा। अलीगंज के ट्रांस गोमती दुर्गा पूजा कमेटी के प्रवक्ता तुहिन बनर्जी ने बताया कि बंगाली समाज के लोगों ने रीति-रिवाज के अनुरूप मां की पूजा की। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया।

जल से मां का आचमन
श्री श्री मां दुर्गा पूजा समिति वास्तुखंड गोमतीनगर में सुबह शारदा नदी के जल से मां का आचमन किया गया। मां दुर्गा की प्राण प्रतिष्ठा के बाद श्रीश्री मां दुर्गा पूजा कमेटी के अध्यक्ष शशि गिरी पर्वत व नीरा सिन्हा के संयोजन में महिलाओं ने पूजन किया। कैंट दुर्गा पूजा कमेटी के निहार डे ने बताया कि सुबह-शाम धुनुचि के साथ मां की आरती की गई।

आज होगा हास्य नाटक
रवींद्रपल्ली दुर्गा पूजा कमेटी की सोनाली राय ने बताया कि सुबह संधि पूजा के साथ ही शाम को हास्य ड्रामा का मंचन किया जाएगा। बंगाली क्लब के अध्यक्ष अरुण कुमार बनर्जी ने बताया कि संधि पूजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। संधि पूजा का विशेष विधान होगा और इस दौरान समाज के कल्याण की कामना की जाएगी। कालीबाड़ी मंदिर के अध्यक्ष गौतम भट्टा चार्य ने बताया कि सुबह मां का आह्वान और महिषासुमर्दिनी का पाठ होगा। आशियाना, आलमबाग, अलीगंज, जानकीपुरम समेत सभी हिस्सों में पूजन होगा।

पंडालों में उमड़ रही भीड़
राजधानी के दुर्गा पंडालों में सुबह से शाम तक विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। शाम होते ही बड़ी संख्या में लोग परिवार के साथ माता रानी के दर्शन करने पंडालों में पहुंच रहे हैं। वहीं, पंडालों में भोग प्रसाद का वितरण भी शुरू हो गया है। गुुरुवार को शशि भूषण डिग्री कालेज में बड़ी संख्या में भक्तों ने पहुंचकर मां का प्रसाद ग्रहण किया।

Posted By: Inextlive