Harmilap Building Accident In Lucknow: ट्रांसपोर्ट नगर में हुए बिल्डिंग हादसे में घायल मरीजों का इलाज लोकबंधु अस्पताल में चल रहा है। जहां मरीजों के परिजन अपनों की सेहत को लेकर परेशान नजर आये। इस दौरान डॉक्टर लगातार मरीजों पर नजर रखने के साथ परिजनों को ढांढस बंधाने का काम कर रहे थे।


लखनऊ (ब्यूरो)। Harmilap Building Accident In Lucknowट्रांसपोर्ट नगर में हुए बिल्डिंग हादसे में घायल मरीजों का इलाज लोकबंधु अस्पताल में चल रहा है। जहां मरीजों के परिजन अपनों की सेहत को लेकर परेशान नजर आये। इस दौरान डॉक्टर लगातार मरीजों पर नजर रखने के साथ परिजनों को ढांढस बंधाने का काम कर रहे थे। वहीं, जब कई मरीजों को पूरी तरह ठीक होने पर डिस्चार्ज किया गया तो उनकी आंखों से खुशी के आंसू छलक उठे। उन्होंने डॉक्टर्स का धन्यवाद किया। लोकबंधु अस्पताल के आला अधिकारियों के मुताबिक, इस समय केवल पांच मरीज ही भर्ती है, जबकि एक मरीज को केजीएमयू रेफर किया गया है।घायलों ने डॉक्टर्स का जताया आभार


लोकबंधु अस्पताल में रविवार को भी घायलों के परिजनों का जमावड़ा रहा, जो अपनों के लिए चिंतित नजर आ रहे थे। सुबह तक 10 मरीजों का इलाज डॉक्टर्स द्वारा किया जा रहा था। जिसमें देर शाम तक पांच लोगों को डिस्चार्ज कर दिया गया। हर कोई एक-दूसरे का कुशलक्षेम जानने में लगा हुआ था। साथ ही इस हादसे को जल्द से जल्द भूलने की बात कह रहे थे। वहीं, घायलों ने बताया कि अस्पताल में अच्छा इलाज मिल रहा है। यहां के डॉक्टर्स और स्टाफ का व्यवहार भी बहुत अच्छा है। सीएम ने भी आकर सभी का हालचाल लिया, जिसने कई मरीजों को भावुक कर दिया।10 घायलों का अभी भी चल रहा इलाज

बिल्डिंग हादसे के घायलों में अब महज 10 लोगों का इलाज चल रहा है। इसमें पांच घायल लोकबंधु और पांच घायल केजीएमयू में भर्ती हैं। गौरतलब है कि हादसे की चपेट में बिल्डंग के मालिक समेत 37 लोग आए थे। इनमें आठ की मौत शनिवार को हो गई थी, जबकि अन्य 29 घायलों को लोकबंधु अस्पताल, केजीएमयू व एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। लोकबंधु अस्पताल के एमएस डॉ। अजय शंकर त्रिपाठी ने बताया कि रविवार शाम को पांच घायलों की सेहत में सुधार होने पर उनको डिस्चार्ज कर दिया गया है। जबकि हादसे में घायल आदित्य की हालत में सुधार न होने पर केजीएमयू रेफर किया गया है बाकि अन्य पांच घायलों की हालत स्थिर है। डॉक्टर्स की टीम उनपर नजर रखे हुए है। सीएम और डिप्टी सीएम भी मरीजों से मिलने आये थे। उन्होंने मरीजों का हालचाल लिया और बेहतर उपचार को आदेशित किया है। वहीं, केजीएमयू के प्रवक्ता डॉ। केके सिंह ने बताया कि फिलहाल सभी घायलों की हालत स्थिर है। विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में ट्रीटमेंट उपलब्ध कराया जा रहा है। हर समय उनपर नजर रखी जा रही है।

डिप्टी सीएम ने भी जाना हाललोकबंधु अस्पताल में सीएम के जाने के बाद डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने भी लोकबंधु अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना। साथ ही घायलों के परिजनों से मुलाकात कर मरीजों को मिल रहे ट्रीटमेंट के बारे में जानकारी भी की। साथ ही बताया कि हर कदम पर सरकार उनके साथ है। साथ ही डॉक्टर्स से घायलों की स्थिति और उनको दिए जा रहे ट्रीटमेंट के बारे में जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल निदेशक को घायलों के जरूरी उपचार मुहैया कराने के निर्देश दिये।घायलों से मिल सीएम बोले, घबराने की जरूरत नहींट्रांसपोर्ट नगर में बिल्डिंग हादसे में घायल लोगों का इलाज लोकबंधु अस्पताल में चल रहा है। जहां रविवार को सीएम योगी आदित्यनाथ ने अस्पताल पहुंचकर भर्ती एक-एक मरीज से मिलकर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। सीएम ने अस्पताल प्रशासन को सभी घायलों के समुचित इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिये।परेशान होने की जरूरत नहीं
सीएम योगी आदित्यनाथ गोरखपुर दौरे के बाद रविवार को एयरपोर्ट पर उतरते ही सीधे सरोजनीनगर हादसे में घायलों का हालचाल लेने लोकबंधु अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने विभिन्न वार्ड में भर्ती 10 मरीजों के पास जाकर एक-एक का हाल जाना। इस दौरान उन्होंने मरीजों से हादसे की भी जानकारी भी हासिल की। वहीं, अस्पताल प्रशासन को मरीजों के इलाज के समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि किसी भी मरीज को कोई परेशानी नहीं होनी चाहिये। सभी घायलों का अच्छे से इलाज करने के साथ ध्यान रखा जाए। इसके बाद सीएम योगी ने अस्पताल के हाल में मौजूद मरीजों के परिजनों से भी मुलाकात की। सीएम योगी ने तीमारदारों से कहा कि उन्हें परेशान होने की जरूरत नहीं है। इस संकट की घड़ी में राज्य सरकार साथ है। हर किसी की हरसंभव मदद की जाएगी। इस दौरान महापौर सुषमा खर्कवाल, विधायक राजेश्वर सिंह, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री संजय प्रसाद, डीजीपी प्रशांत कुमार, मंडलायुक्त रौशन जैकब, नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह समेत तमाम अधिकारी मौजूद रहे।

Posted By: Inextlive