LUCKNOW NEWS; नगर निगम की ओर से एक बार फिर से अवैध डेयरियों के खिलाफ अभियान शुरू कर दिया गया है। इसी कड़ी में जोन 6 अंतर्गत दुबग्गा रोड फरीदीपुर क्षेत्र अंतर्गत भोला नर्सरी के सामने अवैध डेयरी को हटाने संबंधी कार्यवाही की गई।

लखनऊ (ब्यूरो)। नगर निगम की ओर से एक बार फिर से अवैध डेयरियों के खिलाफ अभियान शुरू कर दिया गया है। इसी कड़ी में जोन 6 अंतर्गत दुबग्गा रोड, फरीदीपुर क्षेत्र अंतर्गत भोला नर्सरी के सामने अवैध डेयरी को हटाने संबंधी कार्यवाही की गई। हालांकि इस दौरान निगम टीम को भारी विरोध का भी सामना करना पड़ा। मौके पर पुलिस की मौजूदगी के कारण अभियान पर कोई असर नहीं पड़ा।

महिलाओं ने गाड़ी रोकने का प्रयास किया
पशु कल्याण अधिकारी डॉ। अभिनव वर्मा के नेतृत्व में चले अभियान में एक दर्जन से अधिक पशुओं को पकड़ कर आलमनगर स्थिति कांजी हाउस भेजा गया। अभियान के दौरान भारी विरोध तथा घेराव हुआ। मौके पर मौजूद महिलाओं द्वारा गाडिय़ों को रोकने का प्रयास भी किया गया।

रोड पर बहाया जा रहा गोबर
अवैध डेयरी संचालकों द्वारा पशुओं को मुख्य मार्ग तथा खाली प्लॉट पर अधिक संख्या में गाय, भैंस बांध कर अतिक्रमण किया गया था तथा गोबर सड़क पर बहाया जा रहा था, जिससे मेन रोड बाधित हो रही थी। आवागमन प्रभावित होने के साथ साथ कई प्रकार की बीमारियों का खतरा बना हुआ था जिससे स्थानीय लोगों का चलना दुश्वार हो गया था। स्थानीय लोगों के साथ व्यापारी वर्ग में भी इसको लेकर आक्रोश था और उनका व्यापार प्रभावित हो रहा था। जिसको लेकर उनके द्वारा नगर निगम में शिकायत दर्ज कराई गई थी।

डेयरी की परमिशन नहीं
हाईकोर्ट के आदेशानुसार नगर निगम आवासीय क्षेत्रों में डेयरी व्यवसाय की अनुमति नहीं है। नगर निगम लखनऊ द्वारा अधिकतम दो गाय लाइसेंस के साथ पालने की अनुमति है। नगर निगम अधिनियम 1959 के अनुसार नगर निगम लखनऊ द्वारा भैंस पालने की अनुमति नहीं दी जाती है। अगर कोई ऐसा कर रहा है तो उसके खिलाफ एक्शन लिया जाएगा। नगर निगम की ओर से सभी आठ जोन में अवैध डेयरियों के खिलाफ सर्वे भी शुरू करा दिया गया है और इस सर्वे रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

Posted By: Inextlive