Lucknow news: चारबाग आलमबाग अवध कैसरबाग उपनगरीय हैदरगढ़ बाराबंकी रायबरेली डिपो को मिलेंगी नई बसें। क्षेत्रीय प्रबंधक ने सभी एआरएम से पूछा कि बसों का मार्ग बताएं किस मार्ग पर चलाएंगे बसें।

लखनऊ (ब्यूरो)। परिवहन निगम लखनऊ क्षेत्र को 220 नई बसें मिलनी हैं। क्षेत्र के सभी आठ डिपो को बसों का आवंटन होगा, नई बसों को किन मार्गों पर संचालित किया जाएगा, इसका प्रस्ताव सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों से मांगा गया है। बसों के मिलने की प्रक्रिया दीपावली के आसपास से शुरू हो जाएगी और सभी बसें महाकुंभ के पहले मिल जाएंगी।

कई बसें हटीं बेड़े से
लखनऊ क्षेत्र में चारबाग, आलमबाग, अवध, कैसरबाग, उपनगरीय, हैदरगढ़, बाराबंकी, रायबरेली डिपो आते हैँ। इनमें बाराबंकी डिपो की अधिकांश बसें अनुबंधित हैं, जबकि अन्य डिपो में भी निगम और अनुबंधित बसें हैं। संचालित बसों में से जिनकी आयु 15 वर्ष हो चुकी है, उन्हें बेड़े से हटा दिया गया है। परिवहन निगम को प्रदेश सरकार से बजट में 1000 करोड़ रुपये मिला है, इस धन से विभिन्न प्रकार की बसें खरीदी जा रही हैं। इनमें सबसे अधिक संख्या सामान्य श्रेणी की बसों की है।

आए दिन आती हैं शिकायतें
आए दिन खटारा बसों के बीच रास्ते में खराब होने की शिकायतें मिलती रही है, अब उससे मुक्ति मिल सकेगी। सभी डिपो को समान रूप से आवंटन करने की तैयारी है। पहली बार 10 वाल्वो बसें भी लखनऊ को मिल रही हैं। साथ ही सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों से पूछा गया है कि वे इन बसों को किन मार्गों पर संचालित कराएंगे। इससे डिपो की तैयारियों का भी आंकलन होगा। क्षेत्रीय प्रबंधक आरके त्रिपाठी ने बताया कि दीपावली के आसपास नई बसों की खेप मिलना शुरू हो जाएगी, इससे यात्रियों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी। एआरएम की मांग पर भी बसें दी जाएंगी।

Posted By: Inextlive