Lucknow news: नीलमथा में अराजकत्तवों ने खंडित की प्रतिमा। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में आक्रोशित भक्त पहुंचे मंदिर। स्थानीय पार्षद ने अज्ञात पर दर्ज कराया केस। पुलिस आरोपितों की कर रही तलाश।

लखनऊ (ब्यूरो)। नवरात्रि के इस पावन पर्व पर राजधानी के नीलमथा के मरी माता मंदिर में प्रतिमा को अराजकतत्वों ने बुधवार देर रात खंडित कर राजधानी का माहौल बिगाडऩे की कोशिश की। सुबह पूजा करने पहुंचे मंदिर के पुजारी ने खंडित प्रतिमा को देखा तो आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। इस पर स्थानीय लोगों ने आक्रोश जताया और बड़ी संख्या में मंदिर पहुंच गए। पुलिस ने प्रतिमा को खंडित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया है। वहीं, नई प्रतिमा स्थापित करा दी गई है। दोपहर में स्थानीय पार्षद बृजमोहन शर्मा की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एसीपी कैंट अभय प्रताप मल्ल ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपितों की तलाश की जा रही है।

जुट गई भारी भीड़
गुरुवार सुबह पुजारी मंदिर की साफ-सफाई और पूजा करने पहुंचे तो प्रतिमा खंडित देखी। अष्टमी होने के कारण सुबह से श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया था। अभी पुजारी कुछ समझ पाते श्रद्धालुओं की भीड़ जुट गई। लोगों ने अराजकतत्वों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया।

मशीन से प्रतिमा खंडित की
जानकारी होते ही एसओ कैंट समेत अन्य पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंच गए और आक्रोशित लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक अराजकतत्वों ने ग्लाइंडर मशीन से प्रतिमा को खंडित किया है। एसीपी कैंट ने बताया कि दूसरी प्रतिमा स्थापित करा दी गई है। आरोपितों की तलाश के लिए कई टीमें लगाई गई हैं। इस बारे में आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपितों को पकड़ लिया जाएगा।

गिरफ्तारी के लिए चार दिन का समय
मंदिर प्रबंधक बच्चा रावत और स्थानीय लोगों ने प्रतिमा खंडित करने वालों को गिरफ्तार करने के लिए चार दिन का समय पुलिस को दिया है। मंदिर प्रबंधक बच्चा रावत ने कहा कि एसीपी अभय प्रताप मल्ल की मौजूदगी में प्रतिमा की स्थापना की गई है। पार्षद बृजमोहन शर्मा ने कहा कि पुलिस ने चार दिन का समय मांगा है।

Posted By: Inextlive