- शहर में बढ़ रहीं किराएदार व नौकरों द्वारा जुर्म की घटनाएं

- लोग भी किसी को घर में रखने से पहले नहीं लेते पूरी जानकारी

- पुलिस वेरिफिकेशन को भी मकान मालिक समझते हैं झंझट

GORAKHPUR: किसी परिचित को अपने घर शरण देने या किराएदार रखने में अतिविश्वास आपको बहुत भारी पड़ सकता है। जिले में किराएदार से लेकर परिचितों द्वारा लोगों को चूना लगाए जाने की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। जिसके लिे पुलिस वेरिफिकेशन आदि चीजों में मकान मालिकों की लापरवाही जिम्मेदार है। ताजा वाकये में गुलरिहा के हरसेवकपुर नंबर दो में एक ठेकेदार को अनजान व्यक्ति को अपने घर ठहराना भारी पड़ गया। मंगलवार रात परिवार के शादी समारोह में जाने का फायदा उठाकर उसने घर में रखे जेवर व नकदी उड़ा दी। इस बीच घर पर रही ठेकेदार की बहन और पिता को सुबह घटना की जानकारी हुई। उसने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में लगी है।

परिवार से घुल-मिल गया था भगत

गुलरिहा एरिया के हरसेवकपुर नंबर दो के रहने वाले रामनाथ मकान बनवाने का ठेका लेते हैं। चार माह पहले भगत नामक एक मजदूर को उन्होंने अपने घर में रहने की जगह दी। वह उनके घर कामकाज के साथ ही मजदूरी करता था। घर के सभी सदस्य उससे घुल-ंिमल गए थे। इस दौरान उसने मकान के बारे में पूरी जानकारी कर ली। मंगलवार को रामनाथ अपनी मां के साथ एक रिश्तेदारी में शादी समारोह में गए। इस बीच अपनी बहन व पिता को घर की रखवाली के लिए छोड़ गए।

भरोसा जीत दे दिया धोखा

बुधवार सुबह भोर में रामनाथ की बहन की नींद खुली तो उसने देखा कि कमरे में सामान बिखरा हुआ है और बक्सा गायब है। पता चला कि भगत ने मौका देखकर गहने व नकदी गायब कर दी है। किशोरी ने शोर मचाया तो आसपास के लोग पहुंच गए। पड़ोसियों ने भगत की तलाश करने की कोशिश की लेकिन कुछ पता नहीं चला। रामनाथ की बहन ने इसकी सूचना अपने घर वालों को दी। सूचना पाकर पहुंचे परिवार के लोगों ने 100 नंबर पर पुलिस को जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की पड़ताल में जुट गई।

किराए पर रखने से पहले सावधान

अनजान व्यक्ति को किराएदार रखने या किसी को घर पर रखने से पहले कुछ सावधानियां बेहद जरूरी हैं। सबसे पहले तो उसके आईडी प्रूफ की जांच के साथ ही पुलिस वेरिफिकेशन जरूर कराएं। ऐसा न करने पर आप कभी भी धोखे का शिकार हो सकते हैं। ये बहुत जरूरी है कि किराएदार, नौकरानी हो या फिर दुकान में काम करने वाला। किसी को भी रखने से पहले उसके बारे में बारीकी से जानकारी लेना जरूरी है। धोखाधड़ी की बढ़ती ये घटनाएं हर मकान मालिक के लिए चेतावनी हैं। किसी को जान परख ही अपने घर में रखना ही आपको इस तरह के क्राइम से सेफ रख सकता है।

केस 1

जब नौकर ने कर दी हत्या

2016 में शाहपुर के पादरी बाजार में नौकर ने ही लालच मे आकर किन्नर की हत्या कर दी और बॉक्स में रखा माल गायब करा दिया था।

केस 2

ड्राइवर ने काट दिया विश्वास का गला

पिछले साल शहर की पॉश कॉलोनी विंध्यवासिनी नगर में एनईआर के डिप्टी चीफ इंजीनियर संजय श्रीवास्तव और उनकी पत्नी तूलिका श्रीवास्तव की उनके ही ड्राइवर ने हत्या कर दी थी। पता चला था कि एचपी चिल्ड्रेन एकेडमी की प्रिंसिपल रहीं तूलिका उसे परिवार के सदस्य की तरह मानती थीं। उसे उनके घर की पूरी जानकारी थी। इसी विश्वास का फायदा उठाकर लूटने के इरादे से उसने ये हत्याएं कीं।

Does and Donts

ये सावधानियां बचाएंगी

- कहीं बाहर जा रहे हैं तो किसी परिचत या किराएदार के भरोसे घर ना छोड़ें।

- किसी भी व्यक्ति पर तत्काल भरोसा ना करें।

- अनजान व्यक्ति को अपने घर में आसरा ना दें।

- किराएदार या नौकर रखने से पहले उसका पता और आईडी प्रूफ जरूर वेरीफाई करा लें।

- पुलिस वेरिफिकेशन में भी लापरवाही ना बरतें।

अनजान बने तो लुट जाएंगे

- किसी अनजान पर जरूरत से ज्यादा भरोसा कर लेना आपके लिए मुसीबत बन सकता है।

- किसी को अपने घर रखने से पहले उसका नाम, पता, आईडी आदि जानकारियां ना लेना खुद को खतरे में डालना है।

- किराएदार रखने से पहले उसके परिवार व बैकग्राउंड की भी डीटेल्स लेने में लोग वापरवाही बरत जाते हैं।

Posted By: Inextlive