खीरी के जोरा गांव में हुई घटना घर के बाहर सो रहा था युवकपुलिस ने आरोपित को किया गिरफ्तार

प्रयागराज (ब्‍यूरो)। यमुनानगर के खीरी थाना एरिया में एक युवक की हत्या कर दी गई। युवक घर के बाहर सो रहा था। तभी उस पर फावड़ा से हमला किया गया। फावड़े के वार से उसे गंभीर चोट आई। उसने शोर मचाया तो परिजनों की नींद खुली। खून से लथपथ युवक को देखकर परिजनों का हाल बेहाल हो गया। युवक को तत्काल प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया, वहां से जवाब मिलने पर युवक को परिजन एसआरएन ले गए, जहां पर डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपित को हिरासत में ले लिया है, मगर पुलिस घटना का कारण पता नहीं लगा सकी। पूछताछ में युवक की पत्नी भी घटना का कोई कारण नहीं बता पाई।

ये है मामला
जोरा गांव के रहने वाले पारसनाथ मुंबई में प्राइवेट काम करते हैं। घर पर एकलौता बेटा रजनीश बिंद अपने परिवार के साथ रहता था। वह मजदूरी करता था। रात में वह घर के बाहर चारपाई पर सोया था। पास में ही चारपाई पर पत्नी ममता और दो बच्चे सो रहे थे। आधी रात के बाद गांव का नकुल बिंद फावड़ा लेकर पहुंचा। उसने रजनीश पर फावड़े से वार कर दिया। फावड़े का वार लगते ही रजनीश चीख पड़ा। उसकी आवाज सुनकर पत्नी ममता की नींद टूटी। उसने नकुल को भागते हुए देखा। पति रजनीश खून से लथपथ हो चुका था। वह दर्द से चिल्लाए जा रहा था। ममता ने शोर मचाना शुरू किया तो आसपास के लोग आए। पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पड़ोसी रजनीश को पास के प्राइवेट अस्पताल ले गए। वहां पर हालत गंभीर देख डॉक्टर ने एसआरएन रेफर कर दिया। एसआरएन ले आने पर डाक्टर ने रजनीश को मृत घोषित कर दिया। पत्नी ममता की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर लिया है।

गर्भवती है पत्नी ममता
पता चला है कि रजनीश की पत्नी ममता आठ महीना की गर्भवती है। उसके दो बच्चें हैं। एक साल का अंश और तीन साल की मनोरमा। पति की मौत की खबर मिलते ही ममता पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। वह दहाड़ मारकर रोती रही। ग्रामीणों ने फोन से पारसनाथ को सूचना दी। एकलौते बेटे की मौत से पारस बदहवाश हो गए। वह मुंबई से गांव के लिए रवाना हो गए हैं।


मानसिक विक्षिप्त है आरोपित
पता चला है कि आरोपित नकुल बिंद मानसिक रूप से विक्षिप्त है। घटना के बाद पुलिस ने नकुल को हिरासत में ले लिया है। हालांकि पुलिस नकुल की गिरफ्तारी से इंकार करती रही।

जोरा गांव में एक युवक की हत्या कर दी गई। आरोपित मानसिक रूप से विक्षिप्त बताया जा रहा है। उसने युवक पर फावड़े से वार किया है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपित की तलाश की जा रही है।
आशीष सिंह, थाना प्रभारी खीरी

Posted By: Inextlive