जिला पंचायत सभागार में हुआ कार्यक्रम कई संगठनों ने मनाई जयंती

प्रयागराज (ब्‍यूरो)। दानवीर भामाशाह जयंती पर व्यापारी कल्याण दिवस का आयोजन जिला पंचायत सभागार में आयोजित किया गया। ओडीओपी, राज्य कर व पर्यटन विभाग के स्टाल लगाए गए। दानवीर भामाशाह से संबंधित प्रदर्शनी भी संस्कृति विभाग एवं राज्य कर विभाग की ओर से लगाई गई। मुख्य अतिथि महापौर गणेश केसरवानी ने सभी को दानवीर भामाशाह के बताए रास्ते पर चलकर राष्ट्रहित में एकता व त्याग की भावना अपनाने का संदेश दिया। मौके पर विशिष्ट अतिथि भाजपा काशी प्रांत के उपाध्यक्ष अवधेश गुप्ता, अपर आयुक्त ग्रेड टू एसआइबी राज्य कर हरिराम चौरसिया, सत्येंद्र मोहन पांडे उपायुक्त प्रशासन राज्य कर ने भी अपने विचार रखे। इसी प्रकार भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ने सिविल लाइंस स्थित होटल यशपदम कांटिनेंटल में दानवीर भामाशाह की जयंती को व्यापारी कल्याण दिवस के रूप में मनाया। मुख्य अतिथि महापौर गणेश केसरवानी, विशेष अतिथि विधायक शहर उत्तरी हर्षवर्धन वाजपेई, पूर्व उपमहापौर एवं व्यापारी कल्याण बोर्ड के सदस्य मुरारी लाल अग्रवाल उपस्थित रहे। संगठन के महानगर अध्यक्ष योगेश गोयल ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व मंत्री एवं व्यापारी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष रविकांत गर्ग ने वीडियो संदेश के माध्यम से सभी को बधाई भेजी। मुरारी लाल अग्रवाल ने दानवीर भामाशाह के जीवन पर प्रकाश डाला।

होती है वीरता की चर्चा
प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नंदी ने अपने आवास छह कालीदास मार्ग पर मातृभूमि की सेवा में समर्पित, दानवीर भामाशाह को उनकी जयंती पर नमन किया। कहा, जब जब महावीर महाराणा प्रताप के पराक्रम और वीरता की चर्चा होती है तब तब महान दानवीर भामा शाह के त्याग, समर्पण और राष्ट्रभक्ति को भी याद किया जाता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भामाशाह जयंती को व्यापारिक कल्याण दिवस के रूप में घोषित किया है। प्रदेश और देश में जब भी आपदा आती है व्यापारी आगे बढ़कर मदद करते हैं।

आज मनाया जाएगा भव्य समारोह
शनिवार को प्रयागराज व्यापार मंडल के द्वारा जिला कार्यालय पृथ्वी गार्डन पर व्यापारी कल्याण दिवस के उपलक्ष में दानवीर भामाशाह की जयंती बहुत धूमधाम से मनाई गई। जिसमें की भामाशाह जी की तस्वीर पर माल्यार्पण किया गया और मिस्ठान वितरण किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता चेयरमैन मनीष कुमार गुप्ता और संचालन जिलाध्यक्ष सुशांत केसरवानी ने किया। बताया गया कि रविवार को सिविल लाइंस पृथ्वी गार्डन पर प्रयागराज व्यापार मंडल शपथ ग्रहण समारोह और भव्य रूप से व्यापारी कल्याण दिवस मनाएगा।

Posted By: Inextlive