नए यमुना पुल पर जाम में फंसे हजारों लोगसंगम तक पहुंचने में हो गई फजीहतशास्त्री ब्रिज तक पहुंचा जाम का असरहजारों लोग नहीं लगा पाए संगम में डुबकी

प्रयागराज ब्यूरो । ये गंगा दशहरा बहुत दिनों तक लोगों को याद रहेगा। भीषण गर्मी और जाम ने लोगों को हालाकान करके रख दिया। गंगा दशहरा पर संगम स्नान करने पहुंची अप्रत्याशित भीड़ के आगे यातायात व्यवस्था चारो खाने चित्त हो गई। नए यमुना पर लगे जाम का असर शास्त्री ब्रिज तक पहुंच गया। ऐसे में हजारों लोग संगम में डुबकी लगाने पहुंच ही नहीं पाए। यातायात विभाग जाम खुलवाने में लगा रहा, मगर चार घंटे तक स्थिति इस कदर डांवाडोल हो गई कि लोग यातायात विभाग पर लानत मलानत भेजते रहे।

संगम पर उमड़ी भीड़
गंगा दशहरा पर इस बार अप्रत्याशित भीड़ उमड़ी। संगम में स्नान करने के लिए भोर से भी हजारों की भीड़ पहुंच गई। संगम स्नान करके वापसी की भीडु और संगम जाने वालों की भीड़ से यातायात व्यवस्था बैठ गई। सुबह करीब आठ बजे यमुना पुल पर जाम की स्थिति बनी। इसके बाद वाहन रेंगने लगे। नौ बजे के करीब जहां तहां वाहन खड़े हो गए। बांगड़ धर्मशाला चौराहा चोक हो गया। जिसका असर अलोपीबाग फ्लाईओवर पर पड़ा। बांगड़ धर्मशाला चौराहा चोक होने से एक तरफ नए यमुना पुल पर वाहन हिल नहीं पा रहे थे तो दूसरी तरफ अलोपीबाग फ्लाईओवर और उसके नीचे रोड पर वाहनों की कतार लग गई। इस असर बैरहना से लेकर शास्त्री पुल तक पड़ा।

तड़प गए जाम में फंसे लोग
रविवार को भी सूरज की तपिश बरकरार रही। सुबह से ही सूरज के तेवर सख्त रहे। ऐसे में जैसे जैसे दिन चढ़ा सूरज की तपिश बढ़ती गई। दस बजे के आसपास लू का भी असर दिखने लगा। जिसका असर रहा कि जाम में फंसे लोग तड़प कर रह गए। जाम में फंसे लोग भीषण गर्मी से परेशान हो गए।

चारों तरफ जाम ही जाम
नए यमुना पुल पर जाम से नैनी जेल रोड और महेवा डांडी रोड तक वाहनों की कतार लग गई। पुरान यमुना पुल भी जाम की चपेट में आया तो इधर गऊघाट तक वाहन जहां तहां खड़े हो गए। एडीसी के बगल से जाने वाली रोड पर भी वाहनों की कतार लग गई। बांगड़ धर्म शाला चौराहा पर खड़े वाहन हिल नहीं पा रहे थे, जिसका असर बैरहना पर पड़ा। अलोपीबाग फ्लाईओवर ठप हुआ तो शास्त्री ब्रिज तक वाहन खड़े होने लगे।

गंगा घाटों पर रही भीड़
जाम का असर रहा कि हजारों लोग संगम स्नान करने पहुंच ही नहीं पाए। अल्लापुर होकर दारागंज गल्ला मंडी रोड और दारागंज थाने के सामने वाली रोड से ही लोग संगम तक पहुंच पाए। इसके अलावा अलोपीबाग फ्लाईओवर के नीच से लेकर आसपास की सड़कों पर जाम होने से लोग परेड ग्राउंड तक नहीं पहुंच पाए। जिससे लोगों को वापस लौटना पड़ा।


गंगा यमुना घाटों पर रही भीड़
संगम के अलावा शहर के गंगा और यमुना घाटों पर स्नानार्थियों की भारी भीड़ रही। गंगा के दारागंज दशाश्वमेघ घाट, शिवकुटी, रसूलाबाद घाट, महावीरपुरी घाट, फाफामऊ घाट के अलावा यमुना के मनकामेश्वर घाट, बरगद घाट, गऊ घाट पर हजारों की भीड़ ने डुबकी लगाई। डुबकी लगाने के बाद लोगों ने अन्न दान किया।

Posted By: Inextlive