काटजू कालोनी में हुई घटना गंभीर हाल में युवक एसआरएन में भर्तीकमरे से मिला तमंचा और कारतूस

प्रयागराज ब्यूरो । कर्नलगंज एरिया के काटजू कालोनी में एक युवक ने खुद को गोली मार ली। युवक ने आत्महत्या का प्रयास किया। गोली चलने की आवाज से हड़कंप मच गया। घरवाले भाग कर नीचे आए तो युवक लहुलूहान पड़ा था। आननफानन में युवक को एसआरएन अस्पताल ले जाया गया। युवक की हरकत से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल हो गया। गंभीर हाल में युवक का उपचार एसआरएन अस्पताल में चल रहा है। युवक एक बार पहले भी आत्महत्या का प्रयास कर चुका है। पुलिस ने मौका मुआयना किया। मौके से पुलिस ने तमंचा और खाली कारतूस बरामद किया है। पता चला है कि युवक कई दिनों से तनाव में था। जिस पर उसने आत्महत्या का प्रयास किया।

ये है मामला
काटजू कालोनी के रहने वाले सतीश तिवारी और उनका बड़ा बेटा अवनीश तिवारी पेशे से वकील हैं। अवनीश भाजपा के मंडल अध्यक्ष भी हैं।
अवनीश का छोटा भाई अम्बरीश तिवारी डिलीवरी का काम करता है। इसके अलावा वह एलएलबी भी कर रहा है। करीब एक महीना पहले उसकी पत्नी दीपा और दो बच्चों रिजुल और विधा के साथ मायके गई थी। अम्बरीश घर के ग्राउण्ड फ्लोर पर रहता है। जबकि परिवार के अन्य सदस्य ऊपरी मंजिल पर। मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे अचानक गोली चलने की आवाज आई। उस वक्त अम्बरीश का बड़ा भाई अवनीश तिवारी अपने कमरे में खाना खा रहा था। गोली चलने की आवाज सुनकर घरवाले हैरान रह गए। अवनीश ने नीचे आकर देखा तो भाई अम्बरीश खून से लथपथ पड़ा था। उसके पास तमंचा पड़ा था। अवनीश ने शोर मचाया तो घर के अन्य सदस्य आ गए। पड़ोसी भी इक_ा हो गए। कुछ ही देर में कालोनी के तमाम लोग आ गए। पुलिस को सूचना दी गई, मगर कुछ देर तक पुलिस नहीं पहुंची तो आननफानन में अम्बरीश को एसआरएन अस्पताल ले जाया गया। गोली का छर्रा अम्बरीश की छाती में लगा था। उसका गंभीर हाल में एसआरएन में उपचार चल रहा है।

पुलिस ने किया मौका मुआयना
सूचना पर कर्नलगंज इंस्पेक्टर प्रदीप सिंह, एसीपी राजीव यादव और चौकी इंचार्ज जयराम पहुंच गए। मौके पर पुलिस ने एक तमंचा और कारतूस बरामद किया। पुलिस को कमरे के अंदर से शराब की बोतल और ग्लिास भी मिला। पुलिस ने परिजनों से घटना के बारे में जानकारी ली। मामला घरेलू विवाद का सामने आया। पुलिस ने घटना को लेकर पड़ोसियों से भी जानकारी ली, मगर पड़ोसी कुछ स्पष्ट बता नहीं सके।

तनाव में रहता था अम्बरीश
बड़े भाई अवनीश तिवारी ने बताया कि छोटा भाई अम्बरीश हमेशा तनाव में रहता था। वह डिलीबरी ब्वाय का काम करता है। इसके अलावा एलएलबी भी कर रहा है। वह आए दिन घरवालों से झगड़ा भी करता था, जिसकी वजह से घरवाले उससे कम ही बात करते थे। अम्बरीश की पत्नी दीपा एक महीना पहले अपने मायके गई थी। उसका पत्नी से भी आए दिन झगड़ा होता था।

पहले कर चुका है खुदकुशी का प्रयास
अम्बरीश करीब दो साल पहले भी आत्महत्या का प्रयास कर चुका है। पुलिस को पूछताछ में पता चला है कि मामला घरेलू विवाद का है। अम्बरीश की अपने घरवालों से बनती नहीं थी।

बुरी सोहबत ने बिगाड़ दिया
कालोनी के लोगों ने बताया कि सतीश तिवारी अच्छे इंसान हैं, वहीं उनका बेटा अम्बरीश बुरी सोहबत की वजह से नशे का लती हो गया। जिससे उससे घरवाले भी दूरी बनाए रखते हैं। नशे में अक्सर पर किसी से भी झगड़ा करने लगता था।


काटजू कालोनी में एक युवक ने खुद को गोली मार ली। युवक ने आत्महत्या का प्रयास किया। मामला घरेलू विवाद का है। युवक का उपचार एसआरएन अस्पताल में चल रहा है।
जयराम, चौकी इंचार्ज ईश्वर शरण

Posted By: Inextlive