बुजुर्ग महिला को धक्का देकर गिराया फिर चेन छीन कर भागे
प्रयागराज ब्यूरो । छुटभैये चोर जान लेने पर अमादा हो गए हैं। चेन और मोबाइल छीनने वाले चोर जान पर बन आएं हैं। पिछले दिनों में जिस तरह से वारदातें हुईं उसमें भले ही पीडि़त की जान नहीं गई मगर चेन छिनैती की एक घटना में बाइक से गिरी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई तो उसे अस्पताल ले जाना पड़ा। वहीं दूसरी घटना में बुजुर्ग महिला को धक्का देकर चेन छीन लिया गया। जिससे बुजुर्ग महिला सदमे में आ गई। काफी देर तक महिला बेचैनी से परेशान रही। वहीं, एक चलती कार रोककर अधिवक्ता का मोबाइल छीन लिया गया, जिससे अधिवक्ता सहम गए।
केस एक
बाइक से दे दिया धक्का
अनिल गोयल की सिविल लाइंस में कम्प्यूटर की शॉप है। अनिल गोयल का पुराना मकान जीरो रोड पर है। जबकि नया मकान सिविल लाइंस में शेरवानी लेगेसी में है। 29 जून की शाम करीब आठ बजे अनिल गोयल अपनी पत्नी प्रिया गोयल के साथ बाइक से जीरो रोड वाले मकान से शेरवानी लेगेसी जा रहे थे। नवाबयूसुफ रोड पर बस स्टेशन के सामने वह पहुंचे थे तभी पीछे से तेजी से एक बाइक आई। बाइक पर पीछे बैठे युवक ने प्रिया के गले पर झपट्टा मारा। अचानक हाथ लगने से प्रिया घबरा गईं। उनकी सोने की चेन चोर के हाथ में आ चुकी थी। प्रिया ने चोर का हाथ पकडऩा चाहा तो उसने धक्का दे दिया। घटनाक्रम इतनी तेजी से हुआ कि अनिल समझ ही नहीं पाए। चोर के धक्का देने से प्रिया गोयल चलती बाइक से गिर पड़ीं। उनके सिर और हाथ में गंभीर चोट आई। अनिल ने बाइक रोक दी। तब तक चोर बाइक से भाग चुके थे। आननफानन में अनिल पत्नी प्रिया को पास के अस्पताल में ले गए। जहां उन्हें एडमिट कर लिया गया। एक तो प्रिया ने अपनी सोने की चेन गवां दी वहीं, अनिल को पत्नी के इलाज में करीब पंद्रह हजार रुपये खर्च करना पड़ा।
बुजुर्ग महिला हुई बदहवास
शिवकुटी के सुंदरबाग में रहने वाले बसंत लाल गुप्ता एजी आफिस से रिटायर हैं। उनकी पत्नी चंद्रकला छह जून की शाम को पड़ोस के कृष्णानंद जायसवाल की पत्नी के साथ बाजार गईं थीं। वह करीब आठ बजे लौटीं। चंद्रकला अपने घर से मकान पहले पहुंची थीं। तभी बाइक से दो युवक पहुंचे। एक युवक उतर गया, जबकि दूसरा युवक बाइक मोडऩे लगा। बाइक मोड़ रहे युवक ने चंद्रकला से पूछा कि मिश्रा जी वकील साहब का मकान कहां है। चंद्रकला कुछ कह पातीं इसके पहले ही गली में खड़े युवक ने चंद्रकला के गले से चेन खींचने का प्रयास किया। चंद्रकला ने युवक का हाथ पकडऩा चाहा तो उसने चंद्रकला को धक्का दे दिया। चंद्रकला गिर पड़ीं। युवक चेन खींचकर बाइक से अपने साथी के साथ भाग निकला। डर के मारे चंद्रकला बदहवाश हो गईं। यह देखकर उनके साथ रही पड़ोसी महिला ने शोर मचाया। आसपास के लोग बाहर निकले। चंद्रकला को उनके घरवाले घर ले गए। चंद्रकला घटना से इस कदर सहम गई थीं कि काफी देर तक वह बोल ही नहीं पा रही थीं। घर वाले चंद्रकला की यह हाल देखकर घबरा गए। काफी देर बाद चंद्रकला सामान्य हुईं तो उन्होंने बताया कि वह बैचेनी से बोल नहीं पा रही थीं।
कार रोक कर छीन लिया था मोबाइल
अधिवक्ता विकास सिंह दारागंज में रहते हैं। वह हाईकोर्ट में प्रैक्टिस करते हैं। विकास सिंह अपनी कार से कोर्ट जा रहे थे। सरस्वती हार्ट केयर चौराहा पर ट्रैफिक की वजह से विकास ने अपनी कार की स्पीड धीमी कर ली। अचानक एक युवक उनकी कार का ड्राइविंग साइड वाला शीशा पीटने लगा। यह देखकर विकास ने कार में ब्रेक लगा दी और अपनी साइड वाला शीशा खोला, तब तक दूसरी साइड वाला शीशा दूसरा युवक पीटने लगा। विकास ने दूसरी साइड वाला शीशा खोला तो बाहर की तरफ खड़े युवक ने बगल वाली सीट पर रखा मोबाइल निकाल लिया और भाग निकला। उसके पीछे दूसरा युवक भी भागा। सब कुछ इतनी तेजी से हुआ कि विकास कुछ समझ ही नहीं पाए। अचानक हुए घटनाक्रम से विकास सहम गए। विकास काफी देर तक हैरान परेशान कार में ही बैठे रहे। काफी देर बाद विकास को थोड़ा आराम मिला तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी।