हमले में एक सिपाही का सिर फटा दो सिपाहियों ने भागकर बचाई जानसात के खिलाफ केस दर्ज सभी फरार मां बेटी के झगड़े को शांत कराने पहुंची थी पुलिस

प्रयागराज (ब्‍यूरो)। खुल्दाबाद में मंगलवार की रात पुलिस पर हमला हो गया। सूचना पर पहुंची डॉयल 112 की पीआरवी के सिपाही पर जानलेवा कर दिया गया। सिपाही पर ईंट और पत्थर चलाए गए। साथ में रहे दो सिपाहियों ने भागकर जान बचाई। सिपाही को लहुलूहान देख हमलावर भाग निकले। आननफानन में फोर्स पहुंची तब तक हमलावर नौ दो ग्यारह हो चुके थे। घायल सिपाही तहरीर पर सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। आरोपितों की तलाश की जा रही है।

मां बेटी का था झगड़ा
खुल्दाबाद के मंगताटोला की रहने वाली मंशा ने डॉयल 112 पर फोन किया। बताया कि उसकी मां मुन्नी उसके तीन बच्चों को उसे नहीं दे रही है। बच्चों को मांगने पर वह झगड़ा कर रही है। इसकी सूचना पर पीआरवी मौके पर पहुंच गई। साथ ही एक सिपाही प्रेमचंद चौकी से पहुंच गया। पीआरवी में सिपाही आकाश त्रिपाठी और एक चालक था। मौके पर आकाश और प्रेमचंद मंशा और उसकी मां मुन्नी देवी से बात करने लगे। सिपाहियों ने बातचीत से मामला सुलझाने की कोशिश की। मगर देखते ही देखते मामला बिगड़ गया।

सिपाही पर हो गया हमला
पुलिस के मुताबिक सिपाही आकाश त्रिपाठी दोनों पक्ष को समझा बुझा रहा था। तभी मुन्नी के बेटे खुशनैन ने अपने साथियों के साथ सिपाही आकाश पर हमला बोल दिया। सिपाही आकाश को हमला होने का अंदेशा नहीं था। वह खाली हाथ था। उसने बचने की कोशिश की। वह पीछे हटा तब तक हमलावरों ने उसे गिरा दिया और पीटने लगे। यह देख दूसरा सिपाही प्रेमचंद भागा। उसने मोबाइल और पीआरवी के चालक ने वायरलेस से पुलिस कंट्रोल से मदद मांगी। इधर हमलावरों ने सिपाही आकाश को पीटना जारी रखा। एक हमलावर ने उस पर ईंट और पत्थर से हमला कर दिया। जिससे सिपाही लहुलूहान हो गया। इस बीच सिपाही प्रेमचंद और चालक ने आकाश को बचाने की कोशिश की तो हमलावर इन दोनों से भी भिड़ गए। कुछ देर में पुलिस की मदद पहुंची तो हमलावर भाग निकले। घायल सिपाही आकाश को अस्पताल ले जाया गया। रात में उसकी तहरीर पर सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

मां बेटी के झगड़े की सूचना डॉयल 112 पर आई थी। इस पर पीआरवी के सिपाही मौके पर पहुंचे। वहां सिपाही आकाश त्रिपाठी पर हमला किया गया। उसे गंभीर चोट आई। सात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। आरोपितों की तलाश की जा रही है।
विनोद कुमार सोनकर, इंस्पेक्टर खुल्दाबाद

Posted By: Inextlive