ट्रैक मेंटेनर रिंकू बने जुलाई माह के सर्वश्रेष्ठ कर्मचारी

प्रयागराज (ब्‍यूरो)। उत्तर मध्य रेलवे ने अपनी परंपरा को जारी रखते हुए मंगलवार को रेलवे की संरक्षा करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित किया। महाप्रबंधक उपेंद्र चंद्र जोशी ने नौ कर्मचारियों को संरक्षा पुरस्कार दिया। जिसमें से टै्रक मेंटेनर रिंकू को जुलाई माह का सर्वश्रेष्ठ कर्मचारी चुना गया। सम्मानित किए गए कर्मचारी झांसी, आगरा और प्रयागराज मंडल में पोस्ट हैं।

उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक उपेंद्र चंद्र जोशी ने प्रमुख मुख्य संरक्षा अधिकारी जेसीएस बोरा एवं अन्य विभागाध्यक्षों की मौजूदगी में रेलवे कर्मचारियों को सम्मानित किया। सम्मान समारोह में ओमकार सिंह स्टेशन मास्टर पहाड़ा, प्रयागराज मंडल, राजेश कुमार शर्मा, लोको पायलट प्रयागराज मंडल, सुभाष कुमार सहायक लोको पायलट प्रयागराज मंडल, मेवराज मीना लोको पायलट प्रयागराज मंडल, नीलेश रंजन सहायक लोको पायलट प्रयागराज मंडल, अरविंद सिंह लोको पायलट गुड््स झांसी मंडल, महेश कुमार दिवाकर लोको पायलट गुड््स आगरा मंडल, घनश्याम गोस्वामी सहायक लोको पायलट आगरा मंडल को सम्मानित किया गया।

बोगी को दुर्घटना से बचाया
उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक उपेंद्र चंद्र जोशी ने ट्रैक मेंटेनर रिंकू को सर्व श्रेष्ठ कर्मचारी का पुरस्कार दिया। ट्रैक मेंटेनर झांसी मंडल के मुरैना में पोस्ट हैं। 16 जुलाई को ट्रैक मेंटेनर रिंकू की ड्यूटी समपार क्रमांक 449 गेट पर थी। इस दौरान 12001 शताब्दी एक्सप्रेस गुजर रही थी। शताब्दी एक्सप्रेस की तीसरी बोगी सी 12 में रिंकू ने कुछ लटकते हुए देखा। ट्रेन तेजी से गुजर गई। रिंकू ने तत्काल इसकी सूचना स्टेशन मास्टर मुरैना को दी। स्टेशन मास्टर ने ट्रेन रुकने पर देखा कि बोगी के बायो टॉयलेट की स्ट्रिप लटक रही है। लटक रही स्ट्रिप को स्टेशन मास्टर ने प्वाइंट मैन की सहायता से बोगी में बांधा, इसके बाद ट्रेन आगे की ओर रवाना की गई। ट्रैक मेंटेनर रिंकू की सजगता से संभावित रेल दुर्घटना को रोका जा सका। इसलिए ट्रैक मेंटेनर रिंकू को सर्वश्रेष्ठ कर्मचारी का पुरस्कार दिया गया।

Posted By: Inextlive