एक कानूनगो ने रिपोर्ट देने के बदले दस हजार रुपये रिश्वत मांगी. यही नहीं कानूनगो ने यह भी कहा कि अगर दस हजार रुपये नहीं दिए तो फिर रिपोर्ट नहीं मिलेगी. जो करना हो कर लेना. इस पर महिला ने तय कर लिया था कि अब कानूनगो को वह जेल की हवा खिला कर रहेगी.

प्रयागराज (ब्‍यूरो)। एक कानूनगो ने रिपोर्ट देने के बदले दस हजार रुपये रिश्वत मांगी। यही नहीं, कानूनगो ने यह भी कहा कि अगर दस हजार रुपये नहीं दिए तो फिर रिपोर्ट नहीं मिलेगी। जो करना हो कर लेना। इस पर महिला ने तय कर लिया कि अब कानूनगो को वह जेल की हवा खिला कर रहेगी। महिला ने विजिलेंस से शिकायत कर दी। विजिलेंस टीम ने सिविल लाइंस में सुभाष चौराहा के पास घेराबंदी की। इसके बाद जैसे ही कानूनगो ने हाथ में दस हजार पकड़ा, विजिलेंस टीम ने उसे पकड़ लिया। कानूनगो ने भागने की कोशिश की मगर विजिलेंस टीम के आगे उसकी एक न चली। कानूनगो को सिविल लाइंस थाने में रखा गया है। गुरुवार को कानूनगो को एंटी करप्शन कोर्ट में पेश किया जाएगा।

ये है मामला
धूमनगंज थाना एरिया के ग्यासुद्दीनपुर के रहने वाले शंकर लाल की मृत्यु हो चुकी है। उनके नाम दर्ज पुश्तैनी भूमि पत्नी सुमन के नाम ट्रांसफर हो चुकी है। सुमन की पुश्तैनी जमीन का गाटा संख्या 1125 को वहां के दबंग कब्जा कर लेना चाहते हैं। जिस पर सुमन ने अपनी भूमि की पैमाइश के लिए ऑन लाइन आवेदन किया। जिसकी पैमाइश कानूनगो ने किया। मगर पैमाइश गलत की गई। जिस पर सुमन ने दोबारा पैमाइश के लिए एसडीएम सदर से शिकायत की। एसडीएम ने कानूनगो को दोबारा पैमाइश करके रिपोर्ट देने को कहा। दोबारा जांच रिपोर्ट के लिए सुमन अपने परिचित मनोज कुमार निवासी सोरांव ने कानूनगो से भेंट किया, इस पर कानूनगो रामकृष्ण मिश्र ने रिपोर्ट देने के लिए दस हजार रुपये मांगा।
विजिलेंस एसपी से की शिकायत सुमन ने पूरे मामले की जानकारी विजिलेंस के एसपी को दी। विजिलेंस के एसपी ने मामले की गोपनीय जांच कराई, जांच में आरोप सही पाया गया। जिस पर एसपी विजिलेंस ने कानूनगो को पकडऩे के लिए एक टीम बनाई।

कानूनगो ने सिविल लाइंस में बुलाया
20 अगस्त को एक बार फिर सुमन और मनोज ने कानूनगो रामकृष्ण मिश्रा से सदर तहसील में मुलाकात की। इस दौरान कानूनगो ने दस हजार रुपये मांगे, कानूनगो ने सुमन और मनोज को बुधवार को चार बजे सिविल लाइंस में सुभाष चौराहा के पास बुलाया। दोनों ने इसकी सूचना विजिलेंस टीम को दी। बुधवार को करीब चार बजे सुभाष चौराहा पर सुमन और मनोज ने कानूनगो रामकृष्ण मिश्रा से मुलाकात की। इस दौरान आसपास विजिलेंस टीम मौजूद थी। जैसे ही सुमन ने कानूनगो को दस हजार रुपये दिए, विजिलेंस टीम ने कानूनगो को घेर लिया। कानूनगो ने भागने की कोशिश की, इस पर विजिलेंस टीम ने उसे पकड़ लिया। धर पकड़ छीना झपटी होने से आसपास अफरातफरी मच गई। लोगों की भीड़ जमा होने लगी। हालांकि सच्चाई पता चलने पर लोग अपने काम में लग गए। पकड़ा गया कानूनगो रामकृष्ण मिश्र कौशांबी के सिराथू थाना एरिया के पइंसा का रहने वाला है। अभी कानूनगो सिविल लाइंस में हाइडिल कालोनी में रहता है। विजिलेंस टीम कानूनगो को सिविल लाइंस थाने ले गई। बताया गया है कि गुरुवार को कानूनगो को एंटी करप्शन कोर्ट वाराणसी में पेश किया जाएगा।

Posted By: Inextlive