- शनिवार को रसूलाबाद घाट पर किया जाएगा अंतिम संस्कार- हैदराबाद के निजी अस्पताल में चल रहा था इलाज


प्रयागराज ब्यूरो । मेजा की पूर्व विधायक नीलम करवरिया का गुरुवार की रात लीवर की गंभीर बीमारी के चलते निधन हो गया। दो दिन से उनका इलाज हैदराबाद के किम्स सनशाइन अस्पताल में चल रहा था। वह लीवर सिरोसिस से ग्रसित थीं। उनके निधन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, कैबिनेट मंत्री नन्द गोपाल गप्ता नन्दी व पूर्व मंत्री सिद्धार्थ नाथ ङ्क्षसह ने शोक संवेदना जताई। उनका अंतिम संस्कार रसूलाबाद घाट पर शनिवार को किया जाएगा। उनकी मौत पर भाजपा समर्थकों में निराशा छा गई। देर रात तक उनके आवास पर लोग अंतिम दर्शन को पहुंचते रहे। 2017 में बनी थी विधायक
55 वर्षीय नीलम 2017 में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा के टिकट से जीतकर मेजा की विधायक बनी थीं। 2022 के चुनाव में उन्हें फिर पार्टी ने मैदान में उतारा लेकिन हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद से ही उनका स्वास्थ्य खराब होने लगा था। जिसके चलते आजीवन कारावास की सजा काट रहे नीलम के पति पूर्व विधायक उदयभान करवरिया को राज्यपाल के आदेश पर समय से पूर्व रिहा कर दिया गया था। 25 जुलाई को जेल से रिहा होने के बाद उदयभान उनके इलाज में जुट गए थे। इसी बीच गुरुवार रात उनका निधन हो गया। पूर्व विधायक के निधन की सूचना पर कल्याणी देवी स्थित उनके निवास पर भीड़ एकत्रित होने लगी। एयर एंबुलेंस से लाई गई बॉडीपूर्व विधायक नीलम करवरिया की बॉडी एयर एंबुलेंस के जरिए शुक्रवार को वाराणसी लाई गई। वहां से सड़क मार्ग से लाकर उनकी बॉडी को मेजा स्थिति कार्यालय में लोगों के दर्शन हेतु रखा गया। थोड़ी देर पार्थिव शरीर को कल्याणी देवी स्थित निवास पर एंबुलेंस के जरिए लाया गया। यहां पर बड़ी संख्या में समर्थक जमे रहे। उन्होंने पूर्व विधायक के अंतिम दर्शन कर नम आंखों से उन्हे श्रद्धांजलि अर्पित की। उनकी अकस्मात मृत्यु से बेटी समृद्धि, साक्षी व बेटा सक्षम करवरिया पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनका रो रोकर बुरा हाल है।

Posted By: Inextlive