बंदियों से बातचीत कर व्यवस्थाओं के बारे में ली जानकारी


प्रयागराज ब्यूरो ।जनपद न्यायाधीश संतोष राय व डीएम रविंद्र कुमार मांदड़ ने शुक्रवार को केन्द्रीय कारागार नैनी का निरीक्षण किया। दोनों ने कारागार में कारागार चक्र संख्या-4, चक्राधिकारी कार्यालय, चिकित्सालय, रसोई घर का निरीक्षण करते हुए वहां पर आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उन्होंने रसोई घर में बंदियों को दिए जाने वाले प्रतिदिन भोजन व नाश्ते का मीनू चार्ट के अनुसार जानकारी लेते हुए भोजन बनाने की व्यवस्था को देखा तथा कितने बंदियों के लिए एवं कितनी मात्रा में क्या बन रहा है, की जानकारी लेते हुए खाने की गुणवत्ता को परखा। उन्होंने चिकित्सा अधिकारी से चिकित्सालय में उपलब्ध व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली.जिला जज ने विचाराधीन कैदियों से बातचीत कर उनको प्राप्त हो रही विधिक सेवाओं एवं उनके हिस्ट्री टिकट को देखते हुए सम्बंधित आपराधिक प्रकरण की जानकारी ली। उन्होंने बंदियों से बीमारी, खान-पान एवं साफ-सफाई की व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। उनके द्वारा केन्द्रीय कारागार परिसर स्थित वीसी रूम में अत्यधिक भीड़ व वहां पर कम स्थान होने के दृष्टिगत वीसी रूम के बाहर टीन शेड व कुर्सियों की व्यवस्था किए जाने तथा बंदियों के हेल्थ चेकअप की व्यवस्था हेतु हेल्थ चेकअप माइक्रो यूनिट लगाये जाने व अन्य आवश्यक व्यवस्थायें उपलब्ध कराये जाने के लिए कहा है।

Posted By: Inextlive