बहन को गोली मारने के बाद भाई पहुंचा थाने असलहे के साथ किया सरेंडरएयरपोर्ट थाना के असरावे खुर्द की घटना कई महीने से भाई बहन में चल रहा था विवाद

प्रयागराज ब्यूरो ।बुधवार को एक भाई ने अपनी बहन को गोली मार दी। घटना एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के असरावे खुर्द की है। बहन शादी से इंकार कर रही थी। जबकि भाई उससे शादी करने के लिए कह रहा था। जिसे लेकर कई महीने से भाई बहन के बीच विवाद था। बुधवार को सुबह दोनों के बीच एक बार फिर से विवाद हो गया। जिसके बाद तैश में आकर भाई ने तमंचा से बहन को गोली मार दी। एक के बाद एक कई फायर होने से गांव में सनसनी फैल गई। बहन को गोली मारने के बाद भाई तमंचा लेकर एयरपोर्ट थाने पहुंच गया। वहां मौजूद पुलिस कर्मियों को युवक ने घटना बताई तो उनके होश उड़ गए। पुलिस ने युवक को कस्टडी में ले लिया। मां की तहरीर पर युवक के खिलाफ पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर लिया है।

शादी को तैयार नहीं थी युवती
असरावे खुर्द गांव निवासी श्रीश्याम यादव किला में नौकरी करते हैं। श्रीश्याम का बेटा आशीष यादव दूध का कारोबार करता है। आशीष चाहता था कि उसकी बहन शिवानी शादी कर ले। मगर शिवानी शादी के लिए तैयार नहीं थी। वह शादी से इंकार कर रही थी। जिस पर शिवानी और आशीष के बीच विवाद शुरू हो गया था। दोनों के बीच शादी को लेकर कई महीने से विवाद की स्थिति थी। घरवाले भी चाहते थे कि शिवानी की शादी कर दी जाए मगर शिवानी घरवालों की भी बात नहीं मान रही थी। इस बीच आए दिन इसी बात को लेकर विवाद होने लगा था।

आ गया था तैश में
बुधवार को करीब दस बजे आशीष दूध बांटकर घर लौटा। इस दौरान उसने बहन शिवानी को शादी के लिए समझाने की कोशिश की। जिस पर आशीष और शिवानी के बीच बहस होने लगी। घर में मां विमला देवी थी। मां ने भी आशीष का पक्ष लिया तो झगड़ा शुरू हो गया। पहले आशीष ने बहन को पीटा। इसके बाद वह अपने कमरे में गया। वहां से वह तमंचा निकाल लाया। आशीष ने एक के बाद एक चार गोली बहन शिवानी को मारी। गोलियां लगते ही शिवानी मौके पर ही ढेर हो गई। बहन को गोली मारने के बाद आशीष घर से बाहर निकला। इसके बाद बाइक स्टार्ट करके चला गया।

तमंचा लेकर थाने पहुंचा आशीष
आशीष घर से सीधे एयरपोर्ट थाने पहुंचा। वहां उसने मौजूद पुलिस कर्मियों को घटना की जानकारी दी और तमंचा निकाल कर सरेंडर कर दिया। उसकी हरकत देख पुलिस के होश उड़ गए। सिपाहियों ने आशीष को कस्टडी में ले लिया। इसके बाद पुलिस आशीष के घर पहुंची। पुलिस आशीष के घर पहुंची तो वहां भीड़ जमा थी। शिवानी की बॉडी कमरे में पड़ी थी। पुलिस ने शिवानी की बॉडी को कब्जे में ले लिया। मां विमला देवी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। पुलिस ने बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

चर्चाओं का बाजार हो गया गर्म
घटना के बाद गांव में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया। शिवानी की हत्या को लेकर जितने मुंह उतनी बातें शुरू हो गईं। हालांकि देरशाम तक घटना को लेकर शादी से इंकार के अलावा कोई अन्य बात स्पष्ट नहीं हो सकी। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों से घटना को लेकर पूछताछ की। जिसमें भी शादी से इंकार की बात ही निकल कर सामने आई।

मां ने दी बेटे के खिलाफ तहरीर
घटना के कई घंटे बाद तक पुलिस तहरीर का इंतजार करती रही। शाम को मां विमला देवी ने बेटे आशीष के खिलाफ बेटी की हत्या करने की तहरीर दी। जिस पर पुलिस ने आशीष के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है।

युवक अपनी बहन से कई महीने से शादी के लिए कह रहा था। मगर बहन शादी के लिए तैयार नहीं थी। जिसे लेकर पिछले कई दिन से घर में झगड़े की स्थिति बन गई थी। बुधवार को युवक ने बहन से शादी करने के लिए कहा, मगर बहन ने इंकार कर दिया तो उसने बहन को गोली मार दी। इसके बाद खुद थाने में आकर सरेंडर कर दिया। मां की तहरीर पर युवक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
वरुण कुमार, एसीपी धूमनगंज

भाभी के भाई से करना चाहती थी शादी
एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के असरावे खुर्द में भाई के हाथों मारी गई शिवानी का लव अफेयर चल रहा था। वह अपनी भाभी के भाई के साथ शादी करना चाहती थी। मगर घरवाले इस रिश्ते से नाराज थे। जिसकी वजह से आशीष बहन शिवानी पर शादी के लिए दबाव बना रहा था। जबकि शिवानी अपनी मर्जी से शादी करना चाहती थी।

Posted By: Inextlive