इस दीवाली आप ईको फ्रेंडली लक्ष्मी-गणेश का पूजन कर सकते हैं. इसके लिए नगर निगम में स्टॉल लगाई गई है.

आगरा (ब्यूरो)। इस दीवाली आप ईको फ्रेंडली लक्ष्मी-गणेश का पूजन कर सकते हैं। इसके लिए नगर निगम में स्टॉल लगाई गई है। जहां से गौमय लक्ष्मी-गणेश, कुबेर, हनुमान की मूर्तियां खरीदी जा सकती हैं।

निगम में बना है काउंटर
नगर निगम द्वार संचालित गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लव यू जिंदगी फाउंडेशन अहम भूमिका अदा कर रहा है। दीपावाली के दौरान पूजा के लिए अब इस फाउंडेशन ने नगर निगम कार्यालय स्थित काउंटर से गौमय लक्ष्मी, गणेश, हनुमान, शंकर, कुबेर, सरस्वती, बंधनवार, घी, शुभ-लाभ, रिद्धि-सिद्धि, राम दरबार, हवन लकड़ी, दीपक, पूजा सामग्री की बिक्री चालू कर दी है।

शुरू कर दी गई सामान की बिक्री
पशु कल्याण अधिकारी डॉ। अजय सिंह ने बताया कि उपरोक्त संस्था के द्वारा गौ उत्पादों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए नो प्रोफिट-नो लॉस पर देशी गाय के गोबर और जड़ी बूटी से बने कंडे, हवन सामग्री के अलावा हवन के काम आने वाली गोबर की लकड़ी निगम स्थित काउंटर से उपलब्ध कराई जा रही है। संस्था के संचिव प्रांकुर जैन बताया कि उपरोक्त सामान की बिक्री शुरू कर दी गई है।

इस टाइम पर कर सकते हैं खरीद
कोई भी व्यक्ति नगर निगम कार्यालय में आकर सुबह 11 से शाम 7 बजे तक सामान खरीद सकता है। उन्होंने बताया कि संस्था गौ उत्पादों के प्रति लोगों में जागरूकता उत्पन्न करने के उद्देश्य से दीपावली पर देशी गाय के गोबर से बने दीपक, रक्षाबंधन पर राखियां और गणेत्सोत्सव के दौरान भगवान विनायक की गोबर से बनी मूर्तियों की भी बिक्री करती है।

Posted By: Inextlive