Double Murder In Agra: गांव गुड़ा में खेत में हत्यारोपी आधा घंटे तक खूनी खेल खेलते रहे. रघुवीर और उनके भाई सत्यपाल समेत अन्य परिजन जान बचाने की गुहार लगा भागने का प्रयास भी करते रहे थे. आरोप है कि पुलिस घटनास्थल पर एक घंटे बाद पहुंची. तब तक हत्यारे घरों पर ताला लगा परिवार समेत भाग चुके थे.

खंदौली आगरा (ब्यूरो)। Double Murder In Agra: गांव गुड़ा में खेत में हत्यारोपी आधा घंटे तक खूनी खेल खेलते रहे। रघुवीर और उनके भाई सत्यपाल समेत अन्य परिजन जान बचाने की गुहार लगा भागने का प्रयास भी करते रहे थे। आरोप है कि पुलिस घटनास्थल पर एक घंटे बाद पहुंची। तब तक हत्यारे घरों पर ताला लगा परिवार समेत भाग चुके थे। परिजन का आरोप है कि पुलिस यदि समय पर पहुंच जाती तो हत्यारोपितों को घेराबंदी करके पकड़ा जा सकता था। पुलिस का कहना है कि सूचना मिलने के 15 मिनट बाद मौके पर पहुंच गई थी।

सात लोग नामजद
रघुवीर के बेटे अनिल कुमार सिंह ने दोहरे हत्याकांड में सात लोगों को नामजद किया है। इसमें बेताल सिंह और उसके तीन बेटे राहुल, सत्य प्रकाश, सतेंद्र, बेताल की पत्नी किताबश्री, भतीजे कृष्णा और मित्र थान सिंह को आरोपी बनाया है। बेटे अनिल कुमार ने बताया कि जिस समय खेत पर परिवार के लोगों पर हमला बोला गया। आसपास अन्य ग्रामीण भी काम कर रहे थे। वह तमाशा देखते रहे। बेताल सिंह और उसके लोग करीब आधा घंटे तक खूनी खेल खेलते रहे। हाथों में कुल्हाड़ी और फावड़े लेकर पिता रघुवीर, चाचा सत्यपाल, मां सरोज देवी और भाई देवानंद पर हमले करते रहे थे। बेटे का आरोप है कि 112 नंबर पर सूचना देने के एक घंटे बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची थी। इससे हत्यारोपियों को परिवार समेत भागने का मौका मिल गया।
पूर्व में भी कई बार विवाद हो चुका
एसीपी एत्मादपुर पीयूषकांत राय ने बताया पुलिस सूचना मिलने के 15 मिनट बाद पहुंच गई थी। दोनों पक्ष के बीच पूर्व में भी कई बार विवाद हो चुका है। पुलिस पूर्व में उन्हें शांति भंग में पाबंद कर चुकी है। परिजन ने बताया बेताल सिंह के पिता राम सिंह और रघुवीर के पिता होतीलाल ने 72 बीघा खेत खरीदा था। इसका अभी बंटवारा नहीं हुआ है। दोनों परिवार मिलकर जोतते हैं। रघुवीर को बेताल सिंह के खेत से होकर जाना पड़ता था। इसे लेकर वह विरोध करता था। मंगलवार को भी उसने रोका तो रघुवीर ने बड़े होने के नाते उसे समझाने का प्रयास किया था।


गांव में पहले भी हो चुकी हैं भूमि विवाद में हत्या
आगरा: गांव पुरा लोधी में भूमि के विवाद को लेकर हुई हत्या की यह पहली घटना नही है। ग्रामीणों ने बताया की वर्ष 1986 मे महिला लच्छो देवी की काट कर हत्या कर दी थी। वहीं, वर्ष 1989 में गांव के ही ओमप्रकाश की भी जमीन के विवाद में हत्या कर दी गई थी।

Posted By: Inextlive