फाउंड्री नगर क्षेत्र में रविवार दोपहर तीन बजे मसाला बनाने की फैक्ट्री में शार्टसर्किट से आग लग गई. हादसे के समय फैक्ट्री में संचालक समेत आधा दर्जन से अधिक कर्मचारी मौजूद थे. मिर्च और मसालों के जलने से उठे धुआं से आसपास के लोगों को आंखों में जलन होने लगी. खांसते-खांसते परेशान होने लगे

आगरा (ब्यूरो )फाउंड्री नगर क्षेत्र में रविवार दोपहर तीन बजे मसाला बनाने की फैक्ट्री में शार्टसर्किट से आग लग गई। हादसे के समय फैक्ट्री में संचालक समेत आधा दर्जन से अधिक कर्मचारी मौजूद थे। मिर्च और मसालों के जलने से उठे धुआं से आसपास के लोगों को आंखों में जलन होने लगी। खांसते-खांसते परेशान होने लगे। दमकल ने दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

दो घंटे की मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू
बेलनगंज के बारह भाई गली के रहने वाले सचिन गर्ग की फाउंड्री नगर में एसएसडीआर इंडस्ट्रीज एक्सपोर्ट इंडिया नाम की मसाला बनाने की फैक्ट्री है। सचिन ने बताया कि फैक्ट्री के भूतल में पानी भरने की शिकायत पर रविवार को गोदाम खोला गया था। चार महिलाओं समेत कई कर्मचारी सफाई में जुटे थे। तीन बजे फैक्ट्री में लपटें उठने लगीं। कर्मचारियों ने आग बुझाने का प्रयास किया पर सफल नहीं हुए। कुछ ही देर में आग भूतल और पहले तल पर पहुंच गई। मिर्च और गरम मसाला जलने लगा। धुएं के कारण आसपास के लोग खांसने लगे। आंखों में जलन होने लगी। सूचना मिलने पर आधा दर्जन दमकलें पहुंच गईं। आग को काबू पाने में फायर कर्मियों को दो घंटे लग गए। मुख्य अग्निशमन अधिकारी देवेंद्र ङ्क्षसह ने बताया कि फैक्ट्री में अग्निशमन के उपकरण और अन्य इंतजाम नहीं थे। फैक्ट्री संचालक ने विभाग से अनुमति भी नहीं ली थी। आग की सूचना भी आधा घंटा देरी से दी गई। दमकलों को पास के इलेक्ट्रिक बस डिपो से पानी लेना पड़ा। वहीं फैक्ट्री संचालक और कर्मचारी दमकल के देरी से आने का आरोप लगा रहे हैं।

कर्मचारी ने दिखाई सूझबूझ
आग लगने के दौरान फैक्ट्री का एक कमरा बंद था। उसी कमरे में बिजली का मेन स्विच लगा था। सूझबूझ दिखाते हुए ठेकेदार अनिल और कर्मचारी पवन कुमार ने कमरे का ताला तोड़ दिया। अंदर जाकर मेन स्विच को बंद किया, इससे आग बुझाने के दौरान कर्मचारी करंट की चपेट में आने से बच गए। आग लगने के दौरान लोगों में कर्मचरियों के अंदर फंसे होने की आशंका थी। हालांकि आग बुझने पर कोई जनहानि सामने नहीं आई है। फैक्ट्री कर्मचारियों ने बताया कि शुक्रवार सुबह ही मसालों से भरे तीन ट्रक उतारे गए थे।

Posted By: Inextlive