आगरा. ब्यूरो अगर आपने अब तक हाउस टैक्स जमा नहीं कराया है तो जल्दी कर दें. बकाया हाउस टैक्स पर मिलने वाली 10 परसेंट की छूट की लास्ट डेट 30 सितंबर है. इसके बाद बकाया हाउस टैक्स पूरा जमा करना होगा. टैक्स जमा नहीं करने वालों के खिलाफ नगर निगम की ओर से कार्रवाई की जाएगी.

10 हजार से अधिक के बकायेदारों को नोटिस
अपर नगर आयुक्त सत्येंद्र कुमार तिवारी ने बताया कि नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक में पिछले दिनों मुहर लगने के बाद गृहकर बकायेदारों को 30 सितंबर तक 10 परसेंट की छूट दी जा रही है। 10 हजार रुपए से अधिक के 52646 बकायेदारों को नगर निगम की ओर से अभी तक नोटिस जारी किए जा चुके हैं। शेष को नोटिस भेजे जाने की कार्रवाई जारी है। अप्रैल से अभी तक नगर निगम में टैक्स के रूप में लगभग 26 करोड़ की धनराशि जमा भी कराई जा चुकी है। सभी कर निरीक्षकों को बकाया वसूली करने के सख्त निर्देश जारी किए गए हैं।


पिछले वर्ष एक लाख ने जमा कराया टैक्स
पिछले दिनों सर्वे में निगम की सीमा में 3.25 लाख घर और संपत्तियां सामने आए थे। इनमें से महज एक लाख करदाताओं ने ही वर्ष 2023-24 में हाउस टैक्स जमा किया था। जबकि 2.25 लाख घर और संपत्ति ऐसी थी, जिन्होंने नगर निगम को टैक्स नहीं दिया। इससे पहले वर्ष 2022-23 में नगर निगम को 86 हजार करदाताओं ने टैक्स दिया था, वहीं इस साल इनकी संख्या एक लाख हो गई है।


राजस्व वसूली में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जो भी अधिकारी कर्मचारी इसमें लापरवाही बरतेगा उस पर कार्रवाई तय है ।
अंकित खंडेलवाल, नगर आयुक्त, नगर निगम


12 परसेंट की पेनल्टी के साथ प्रॉपर्टी जाने का भी डर
हाउस टैक्स जमा नहीं करने पर मकान मालिक के लिए मुश्किल खड़ी हो सकती है। 12 परसेंट पेनल्टी लगने के साथ प्रॉपर्टीज भी कुर्क की जा सकती है। हाल ही में नगर निगम की ओर से कई बकायेदारों पर संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई भी की गई है।

पिछले वर्षों में हुआ कलेक्शन

वर्ष कलेक्शन
2020-21 44.66 करोड़
2021-22 45.89 करोड़
2022-23 53.54 करोड़
2023-24 71.85 करोड़


हाट्सएप पर भेजा जाता है पेमेंट लिंक
नगर निगम की ओर से कई सर्विसेज को ऑनलाइन कर दिया गया है। इनमें से ही एक हाउस टैक्स जमा करने की फैसिलिटी है। निगम की ओर से हाउस टैक्स के व्हाट्सएप पर भी मैसेज भेजे जाते हैं। जिसमें पेमेंट का लिंक भी होता है। एक क्लिक पर ही बकाया हाउस टैक्स जमा हो जाता है। इस वर्ष से शुरु की गई इस सर्विस का असर भी देखने को मिलने लगा है। वर्ष 2024-25 के फस्र्ट क्वार्टर अप्रैल से जून तक में 11.74 करोड़ रुपए हाउस टैक्स जमा कराया गया। जिसमें से 5.57 करोड़ रेवेन्यू ऑनलाइन के जरिए प्राप्त हुआ। करीब 25 हजार लोगों ने इस दौरान घर बैठे ही ऑनलाइन टैक्स जमा किया। जबकि इसी ड्यूरेशन में वर्ष 2023-24 में 10.70 करोड़ रुपए रेवेन्यू प्राप्त हुआ था।

इस तरह बढ़ा रेवेन्यू का ग्राफ

वर्ष 2023-24

01 अप्रैल से 30 जून
25982 लोगों ने जमा किया टैक्स
10.70 करोड़ रेवेन्यू मिला

वर्ष 2024-25

01 अप्रैल से 30 जून
39372 लोगों ने जमा किया टैक्स
25 हजार ने ऑनलाइन जमा किया
11.74 करोड़ रेवेन्यू मिला
5.57 करोड़ ऑनलाइन डिपोजिट हुआ टैक्स

Posted By: Inextlive