Monsoon 2024 Update: छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के अधिकांश हिस्सों को कवर करते हुए मानसून यूपी के बहुत करीब पहुंच गया है। ऐसे में अगले कुछ घंटों में राज्य में मानसून मेहरबान हो सकता है। मौसम विभाग ने लखनऊ में आज हल्की से मध्यम बारिश का दौर शुरू होने की संभावनाएं जतायी है।

कानपुर (इंटरनेट डेस्क)। Monsoon 2024 Update: देशभर के लगभग सभी इलाकों में गर्मी से राहत मिल गई है और हल्की बारिश शुरू हो गई है। मानसून ने देश के आधे से ज्यादा हिस्से को कवर भी कर लिया है। हालांकि देश की राजधानी दिल्ली और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों को अभी भी मानसून का इंतजार है। माैसम विशेषज्ञों के मुताबिक छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के अधिकांश हिस्सों को कवर करते हुए मानसून यूपी की पूर्वी दक्षिणी सीमा सोनभद्र के बहुत करीब पहुंच गया है। ऐसे में माैसम की वर्तमान स्थितियां देखते हुए अनुमान है कि यूपी में 26 तारीख से मानसून दस्तक दे देगा। इस तरह से 26 जून से यूपी में बारिश का अच्छा दौर बन रहा है। इसकी शुरुआत पूर्वी उत्तर प्रदेश से होगी। वहीं, 27 और 28 जून को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अच्छी बारिश की संभावना है

कुछ ऐसा रहेगा दिल्ली का माैसम
दिल्ली में आज भी बारिश के आसार बने हैं। यहां तेज धूप खिलने से राहत है। दिल्ली में भी कुछ दिनों से छिटपुट बारिश जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में 4 दिन बारिश के साथ आंधी-तूफान का अलर्ट है। इसके बाद 29 और 30 जून को दिल्ली में आमतौर पर आसमान में बादल छाए रहेंगे और बारिश या आंधी-तूफान की संभावना है। इन दिनों तापमान में भी लगातार गिरावट की संभावना है। आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 40 डिग्री रह सकता है और महीने के अंत तक यह तापमान गिरकर 36 डिग्री सेल्सियस पर आ सकता है। माना जा रहा है कि महीने के अंत तक दिल्ली में मानसून दस्तक दे देगा और अच्छी बारिश का सिलसिला शुरू हो जाएगा।

आज इन राज्यों में भी बरसेंगे बादल
वेदर एजेंसी स्काईमेट के अनुसार, आज अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, केरल, तटीय कर्नाटक, कोंकण और गोवा और गुजरात के कुछ हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश संभव है। वहीं सिक्किम, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। ओडिशा, मराठवाड़ा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, तटीय आंध्र प्रदेश, दक्षिण-पूर्वी और पूर्वी राजस्थान, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, रायलसीमा, तमिलनाडु और विदर्भ में बारिश के असार हैं।

Posted By: Shweta Mishra