Haryana And Jammu Kashmir Election Result 2024: हरियाणा विधानसभा चुनाव परिणाम के लिए 90 सीटों पर वोटों की गिनती जारी है और परिणाम आने भी शुरू हो गए हैं। यहां 48 सीटों पर आगे चल रही है जबकि कांग्रेस 37 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं जम्मू-कश्मीर में नेशनल कॉन्फ्रेंस ने छह सीटें जीती हैं और 35 पर आगे चल रही है। वहीं भाजपा ने नौ सीटें जीती हैं और 20 पर आगे चल रही है। यहां देखें परिणाम...


नई दिल्ली (पीटीआई/ एएनआई)। Haryana And Jammu Kashmir Election Result 2024: हरियाणा विधानसभा चुनाव परिणाम के लिए 90 सीटों पर वोटों की गिनती जारी है। हरियाणा विधानसभा चुनाव नतीजों के रुझानों में भाजपा को बड़ा बहुमत मिलता दिख रहा है। दोपहर 1.50 बजे तक के ईसीआई के ताजा रुझानों के अनुसार भाजपा 48 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि कांग्रेस 37 सीटों पर आगे चल रही है। इंडियन नेशनल लोकदल (आईएनएलडी) और बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) एक-एक सीट पर आगे चल रही हैं, जबकि निर्दलीय और छोटी पार्टियां तीन सीटों पर आगे चल रही हैं। चुनाव आयोग के ताजा अपडेट के अनुसार, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी लाडवा निर्वाचन क्षेत्र से आगे चल रहे हैं। भूपेंद्र सिंह हुड्डा गढ़ी सांपला-किलोई सीट से अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा से 71,753 वोटों से आगे चल रहे हैं। इस दौरान भाजपा के प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि मतगणना के रुझानों से यह स्पष्ट हो गया है कि सत्तारूढ़ पार्टी हरियाणा में "शानदार, निर्णायक और ऐतिहासिक" जनादेश की ओर बढ़ रही है और जम्मू-कश्मीर में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेगी। सकारात्मक रुझान हरियाणा में भाजपा के लिए ऐतिहासिक जनादेश में बदलेगा। अंबाला कैंट से भाजपा उम्मीदवार अनिल विज ने कहा कि चुनाव आयोग का भाजपा के पक्ष में रुझान कोई आश्चर्य की बात नहीं है। वहीं जम्मू-कश्मीर में भी विधानसभा चुनाव की काउंटिंग जारी है। जम्मू-कश्मीर में नेशनल कॉन्फ्रेंस ने छह सीटें जीती
जम्मू-कश्मीर में नेशनल कॉन्फ्रेंस ने छह सीटें जीती हैं और 35 पर आगे चल रही है। वहीं भाजपा ने नौ सीटें जीती हैं और 20 पर आगे चल रही है। बतादें कि 2014 में हुए पिछले विधानसभा चुनावों की तुलना में इसकी संख्या में सुधार है, जब पार्टी ने 25 सीटें जीती थीं। भाजपा ने इस बार 62 उम्मीदवार उतारे थे। पूर्व मंत्री शाम लाल शर्मा ने जम्मू उत्तर सीट से अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी और नेशनल कॉन्फ्रेंस के पूर्व मंत्री अजय सधोत्रा के खिलाफ 27,363 मतों के अंतर से जीत हासिल की। शर्मा को 47,219 वोट मिले। पिछले साल भाजपा में शामिल हुए दो बार के विधायक बलवंत सिंह मनकोटिया ने चेनानी क्षेत्र से अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी और पूर्व मंत्री हर्ष देव सिंह को 15,611 मतों के अंतर से हराया। भाजपा प्रवक्ता रणबीर सिंह पठानिया ने पार्टी के बागी पवन खजूरिया के कड़े प्रतिरोध को पार करते हुए उधमपुर पूर्व से 23,49 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। भाजपा के दर्शन कुमार ने बसोहली निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और दो बार के सांसद चौधरी लाल सिंह को 16,034 वोटों के बड़े अंतर से हराया, जबकि भाजपा के दो बार के विधायक गारू राम ने सुचेतगढ़ विधानसभा क्षेत्र से 11,141 वोटों के अंतर से जीत हासिल की। भाजपा उम्मीदवार अरविंद गुप्ता और सतीश कुमार शर्मा ने जम्मू पश्चिम और बिलावर क्षेत्रों से क्रमशः 22,127 वोट और 21,388 वोटों से जीत हासिल की। भाजपा ने सुरनकोट, इंदरवाल, गुरेज और लाल चौक की चार सीटें खो दी हैं।

Posted By: Shweta Mishra