Diwali 2024: साल 2024 में दिवाली का त्योहार कब मनाया जाएगा इसे लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। कुछ लोगों का कहना है कि दिवाली 31 अक्टूबर को है जबकि कुछ लोग 1 नवंबर को दिवाली बता रहे हैं। तो आइए जानते हैं इस साल दिवाली का त्योहार किस दिन मनाया जाएगा और लक्ष्मी पूजा का शुभ मुहूर्त क्या है..

कानपुर (इंटरनेट डेस्क)। Diwali 2024: रोशनी का त्योहार दिवाली, जिसे दीपावली के नाम से भी जाना जाता है। यह बुराई पर अच्छाई की जीत और भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण के 14 साल का वनवास पूरा करने और रावण को हराने के बाद अयोध्या लौटने का जश्न मनाता है। हिंदू भक्त मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की भी पूजा करते हैं। यह त्योहार पूरे पांच दिन चलता है। पहले दिन धनतेरस, दूसरे दिन छोटी दिवाली, तीसरे दिन दीपवाली पर्व, चौथे दिन गोवर्धन पूजा और पांचवे दिन भैया दूज का पर्व मनाया जाता है। हालांकि इस बार दिवाली की डेट को लेकर काफी समय से कन्फ्यूजन चल रहा है कि आखिर दिवाली किस दिन 31 अक्टूबर को है या 1 नवंबर को है। ज्योतिर्विद् डॉ. त्रिलोकीनाथ के मुताबिक दिवाली हर साल कार्तिक मास की अमावस्या तिथि को मनाई जाती है। इस साल दिवाली 31 अक्टूबर, गुरुवार को है। लक्ष्मी पूजा भी 31 अक्टूबर को ही की जाएगी, क्योंकि उस शाम अमावस्या का चांद दिखाई देगा। माना जाता है कि लक्ष्मी पूजन सूर्यास्त के बाद किया जाता है, जब चंद्रमा आकाश में दिखाई देता है। इसलिए 31 अक्टूबर, 2024 दिवाली मनाने के लिए आदर्श दिन होगा।

लक्ष्मी पूजा का शुभ मुहूर्त
दिवाली पर लक्ष्मी पूजन के शुभ मुहूर्त को लेकर भी लोग भ्रमित हैं। ऐसे में बतादें कि दिवाली के दिन देवी लक्ष्मी और भगवान गणेश की विधि-विधान से पूजा की जाती है। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, इस वर्ष लक्ष्मी पूजा का शुभ मुहूर्त 31 अक्टूबर 2024 को शाम 5 बजे से रात 8.15 बजे तक रहेगा। सबसे खास शुभ मुहूर्त शाम 05:36 बजे से शाम 06:15 बजे के बीच रहेगा। वहीं लक्ष्मी पूजा भोग का विशेष महत्व है। भक्त देवी लक्ष्मी और भगवान विष्णु को खीर, बूंदी के लड्डू, नारियल, पान, हलवा, मखाना, सफेद मिठाई, मुरमुरे और इलायची के दाने का भोग लगा सकते हैं।

शहर का समय
दिल्ली शाम 5:36 से 6:16 बजे तक
नोएडा शाम 5:35 से 6:16 बजे तक
गुरुग्राम शाम 5:37 से 6:16 बजे तक
मुंबई शाम 6:57 से 8:36 बजे तक
चंडीगढ़ शाम 5:35 से 6:16 बजे तक
पुणे शाम 6:54 से 8:33 बजे तक
चेन्नई शाम 5:42 से 6:16 बजे तक
हैदराबाद शाम 5:44 से 6:16 बजे तक
जयपुर शाम 5:44 से 6:16 बजे तक
डिसक्लेमर
इस लेख में निहित किसी भी जानकारी/सामग्री/गणना की सटीकता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं है। विभिन्न माध्यमों/ज्योतिषियों/पंचांग/प्रवचनों/मान्यताओं/धर्मग्रंथों से संग्रहित कर ये जानकारियां आप तक पहुंचाई गई हैं। हमारा उद्देश्य महज सूचना पहुंचाना है, इसके उपयोगकर्ता इसे महज सूचना समझकर ही लें। इसके अतिरिक्त, इसके किसी भी उपयोग की जिम्मेदारी स्वयं उपयोगकर्ता की ही रहेगी।

Posted By: Shweta Mishra