RANCHI:मुख्यमंत्री रघुवर दास ने प्रथम अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के दिन राज्य का पहला राज्ययोग केंद्र जनता को समर्पित किया। यह केंद्र रांची के पुरानी जेल रोड में बनाया गया है। सीएम ने कहा कि योग प्राचीन भारतीय परंपरा की महत्वपूर्ण देन है। इसे पूरे विश्व ने अपनाया है। उन्होंने कहा कि राज्य योग केंद्र लोगों के व्यक्तित्व विकास और निरोग काया के लिए विशिष्ट प्रशिक्षण सुविधा उपलब्ध कराएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के साथ स्वास्थ्य मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी ने परिसर में औषधीय पौधे लगाए। मुख्यमंत्री ने राज्य योग केंद्र के परिसर के निरीक्षण के दौरान योग केंद्र के पीछे और दायीं ओर विकसित किए जाने वाले पार्क और झील को आकर्षक रूप में विकसित करने का निर्देश अधिकारियों को दिया है।

रास की सीट पर एमजे अकबर के नाम पर भाजपा की मुहर

- आज दाखिल करेंगे नामांकन

- भाजपा विधायक दल की बैठक में तय होंगे अनुमोदक और प्रस्तावक

राज्यसभा की एक सीट के लिए भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने एमजे अकबर के नाम पर मुहर लगा दी। वरिष्ठ पत्रकार एमजे अकबर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता हैं।। अकबर सोमवार को झारखंड विधानसभा में अपना नामांकन दाखिल करेंगे। वे रविवार शाम सात बजे रांची पहुंचे। भाजपा ने राज्यसभा चुनाव के मद्देनजर अपने विधायकों की बैठक सोमवार सुबह बुलाई है। बैठक में अनुमोदक और प्रस्तावकों का नाम तय किया जाएगा।

बदले जाएंगे रांची के एसएसपी

राजधानी रांची की बिगड़ती विधि व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए राज्य सरकार बड़ा बदलाव करने जा रही है। उच्च पदस्थ पुलिस सूत्रों के मुताबिक अगले दो-तीन दिनों में रांची के एसएसपी प्रभात कुमार हटा दिए जाएंगे। रिक्त दक्षिण छोटानागपुर रेंज के आइजी पद पर भी जल्द ही पदस्थापना की जाएगी। कुछ दिनों पूर्व आइजी सुमन गुप्ता का तबादला आइजी जेल के पद पर कर दिए जाने से यह पद रिक्त है।