रांची(ब्यूरो)। देह व्यापार किसी भी लड़की के लिए आसान नहीं होता। ज्यादातर मजबूरी, बेबशी और लाचारी में ही लड़कियां ऐसे कदम उठाती हैं। रांची में पिछले दिनों होटल, स्पा सेंटर से पकड़ी गईं लड़कियों की आपबीती जब आप सुनेंगे तो आपको भी इन पर तरस आएगा। किसी को अपनों ने ही इस दलदल में धकेला तो कोई परिवार की जरूरतें पूरी करने के लिए मजबूरन इस धंधे में उतर आईं। हालांकि, इनमें कुछ ऐसी लड़कियां भी हैं जो अपने महंगे शौक को पूरा करने के लिए सेक्स रैकेट जैसे धंधे में उतर आई हैं। प्रस्तुत है सेक्स रैकेट में पकड़ी गईं लड़कियों की दास्तान, जो उन्होंने डीजे आईनेक्स्ट की टीम के साथ शेयर किया।

अपनों ने ही धकेला

रांची के अरगोड़ा इलाके में होटल से पकड़ी गई लड़की की कहानी पूरी तरह फिल्मी है। वेस्ट बंगाल के एक शहर की रहने वाली लड़की को उसके रिश्तेदारों ने ही ब्यूटी पार्लर का कोर्स यह कहकर करवाया कि उसे बढिय़ा नौकरी मिल जाएगी। अच्छी नौकरी का झांसा देकर उसे रांची भी भेज दिया गया, जहां उसे अलग-अलग बार में डांस करना पड़ा और कई स्पा में भी काम करना पड़ा। इसके बाद न चाहते हुए भी उसे सेक्स रैकेट में शामिल होना पड़ा। लड़की ने बताया कि वह जब स्पा सेंटर में काम करती थी तो आने वाला हर ग्राहक उससे गलत डिमांड ही करता था। उसके बदले में अच्छी खासी रकम देने की बात भी करता था। बाद में वह स्पा छोड़कर घर वापस जाना चाही, लेकिन जा नहीं सकी। आखिरकार वह भी सेक्स रैकेट में शामिल होकर अलग-अलग होटलों में जाने लगी और रेड में पकड़ी गई।

बीमार पति का कराना है इलाज

रांची के कोकर इलाके के एक होटल से पकड़ी गई एक 35 वर्षीय महिला पिछले एक साल से सेक्स वर्कर के रूप में काम कर रही थी। पकड़े जाने के बाद वह पुलिस के सामने हाथ जोड़कर गिड़गिड़ा रही थी कि उसे जेल न भेजा जाए। दरअसल, कोलकाता में रहने वाला उसका पति गंभीर रूप से बीमार है। उसके इलाज के लिए नौकरी की तलाश में थी, इसी कारण से रांची आ गई और यहां सेक्स रैकेट से जुड़ कर कारोबार करने लगी।

महंगे शौक पूरा करने आईं

कई लड़कियां अपने महंगे शौक पूरे करने के लिए इस तरह के काम करती हैं। इसमें ज्यादातर 18 से 22 साल की लड़कियां शामिल हैं। बंबू इंटरनेशनल स्पा सेंटर से छह और लड़कियां पकड़ी गई थीं। गिरफ्तार लड़कियों में अधिकतर की उम्र 18 से लेकर 22 साल तक है। इनमें सभी लड़कियां सिर्फ और सिर्फ अपने महंगे शौक को पूरा करने के लिए अपने जिस्म का सौदा कर रही थी। चुकी स्पा सेंटर में एक ग्राहक के साथ जाने पर सीधे 6 से 8 हजार रुपए मिल जाते थे। ऐसे में एक महीने में एक लाख से ज्यादा की कमाई होती थी।

महीने भर में 55 लोग जेल के अंदर

राजधानी रांची में सेक्स रैकेट में शामिल लोगों के खिलाफ रांची पुलिस पूरी रेस है। कहीं से कुछ भी इनपूट मिलने पर पुलिस फौरन कार्रवाई कर रही है। पुलिस आम लोगों से भी अपील करती नजर आ रही है कि वे भी उनका साथ दे, ताकि समाज से इस गंदगी को साफ किया जा सके। बीते एक महीने में पुलिस ने सेक्स रैकेट से जुड़े लोगों पर लगातार कार्रवाई की है, जिसका नतीजा है कि महीने के भीतर ही 55 महिला और पुरुषों को पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। गिरफ्तार कई लड़कियां बाहर के देशों की रहने वाली भी हैं। पुलिस की पूछताछ में लड़कियों ने यह भी खुलासा किया है कि आखिर वो कैसे वह इस गंदे धंधे में शामिल हो गईं। और कौन लोग उन्हें ऑपरेट करते हैं। थाई लड़कियों ने पूछताछ में बताया कि उनका हैंडलर दिल्ली में रहता है। पिछले एक साल के दौरान रांची में थाई लडकियों की डिमांड काफी बड़ी है। इसी वजह से वे पैसे कमाने के लिए सिर्फ छह महीने का बिजनेस वीजा पर भारत आती हैं।