रांची(ब्यूरो)। राजधानी रांची में ठंड की सुगबुगाहट बढ़ते ही कई स्कूलों का टाइम-टेबल बदल गया है। कई स्कूल अगले हफ्ते से अपने समय में परिवर्तन करेंगे। डीपीएस रांची, सेंट जेवियर्स डोरंडा, शारदा ग्लोबल, लोयला कॉन्वेंट आदि स्कूलों ने स्कूल रिपोर्टिंग टाइम में आधे से एक घंटे का बदलाव किया है। स्कूल मैनेजमेंट का कहना है कि शुरुआती ठंड में ही बच्चों के बीमार होने की शिकायतें मिलने लगती हैं, इसलिए एहतियातन समय में बदलाव छठ पूजा के बाद स्कूल खुलते ही कर दिया गया है। आगे ठंड बढऩे पर टाइमिंग में और भी बदलाव किया जा सकता है।

14 नवंबर से होगा बदलाव

शहर के कई स्कूल 14 नवंबर से टाइमिंग में बदलाव करेंगे। जेवीएम श्यामली स्कूल मैनेजमेंट ने कहा कि वे 14 नवंबर से टाइमिंग में बदलाव करेंगे। कक्षाएं सात की जगह सुबह आठ बजे से संचालित होंगी। वहीं, मनन विद्या स्कूल में 15 नवंबर से समय में बदलाव होगा। इधर, कैंब्रियन स्कूल में 16 नवंबर से समय में परिवर्तन किया जाएगा। सेंट माइकल्स में अगले सप्ताह से समय में परिवर्तन होगा

स्वेटर ब्लेजर पहन कर आएंगे स्कूल

ठंड को देखते हुए स्कूलों ने छात्रों को विंटर यूनिफॉर्म पहनकर आने का निर्देश दे दिया है। त्योहार के बाद स्कूल खुलने के बाद से बच्चों को फुल लेंथ शर्ट और स्वेटर पहनने का निर्देश दिया गया है। जूनियर विंग के बच्चे स्वेटर और सीनियर विंग के बच्चे ब्लेजर पहन कर स्कूल आएंगे।

इन स्कूलों की टाइमिंग बदली

स्कूल पहले अब

डीपीएस 6.55 7.55

शारदा ग्लोबल सीनियर 6.30 7.15

शारदा ग्लोबल जूनियर 9.00 9.45

डीएवी आलोक 7.00 8.00

संत कोलंबस, चुटिया 8.00 9.00

संत जेवियर्स, जूनियर 8.00 8.30

संत जेवियर्स, सीनियर 7.00 7.30

स्टार इंटरनेशनल 8.00 8.30

लोयला कॉन्वेंट 7.00 7.30

विद्या विकास पब्लिक स्कूल 7.15 8.15

ऑक्सफोर्ड स्कूल 7.00 7.30

सरला बिरला सीनियर 6.40 7.00

सरला बिरला जूनियर 8.55 9.15

ब्रिजफोर्ड तुपुदाना, सीनियर 6.50 7.50

ब्रिजफोर्ड तुपुदाना, जूनियर 8.30 9.00