रांची(ब्यूरो)। राजधानी रांची स्थित बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से जल्द ही दो शहरों के लिए नई फ्लाइट सर्विस शुरू होने वाली है। रांची एयरपोर्ट से पुणे और हैदराबाद जाने के लिए लोगों को नई फ्लाइट मिलने वाली है। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से रांची-पुणे और रांची-हैदराबाद के लिए जल्द ही नई विमान सेवा शुरू की जाएगी। एयर इंडिया एक्सप्रेस द्वारा दोनों शहरों के लिए विमान सेवा शुरू की जाएगी। इसके लिए डीजीसीए से अनुमति मिल गयी है। जल्द ही समय-सारिणी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके बाद विमान सेवा शुरू होगी। वर्तमान में इंडिगो की पुणे-रांची विमान और रांची हैदराबाद विमान सेवा चल रही है।

एयरपोर्ट पर बदलेगी पार्किंग व्यवस्था

बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर वाहनों की पार्किंग को सुव्यवस्थित करने के लिए टर्मिनल बिल्डिंग के सामने थर्ड लेन का निर्माण होगा। एयरपोर्ट निदेशक आरआर मौर्या ने बताया कि इससे ट्रैफिक जाम नहीं रहेगा और वाहनों को निकासी में कम समय लगेगा। वहीं, वीआइपी वाहनों के लिए अलग से निकासी द्वार बनाया गया है। इसके लिए पार्किंग निकासी से पूर्व 100 मीटर पहले हेथू रोड में एक गेट लगाया जाएगा, जहां से वीआइपी वाहनों की निकासी कराई जाएगी।

लगातार बढ़ रही है फ्लाइट

रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से यात्री सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। वहीं बड़े महानगरों और देश के मुख्य शहरों के लिए भी नई विमान सेवा लगातार शुरू की जा रही है। रांची से दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, चेन्नई, हैदराबाद और बेंग्लुरु जैसे बड़े शहरों के लिए कई एयरलाइंस कंपनियां अपनी सेवाएं दे रही हैं। लेकिन अब इन्हीं सेवाओं में विस्तार किया जा रहा है।

फि लहाल पुणे के लिए यह फ्लाइट

वर्तमान में पुणे रांची पुणे के लिए इंडिगो की विमान सेवा चालू है। इंडिगो की फ्लाइट हर दिन सुबह 7:40 बजे रांची पहुंचती है। वहीं इंडिगो की ही हैदराबाद के लिए दो फ्लाइट सर्विस है, जिसमें पहला विमान सुबह 10:25 बजे रांची पहुंचता है जबकि दूसरा विमान रात 8:30 बजे रांची में लैंड करता है। दरअसल, पिछले कुछ दिनों में झारखंड से हैदराबाद जाने वाले यात्रियों की संख्या में काफी इजाफा हुआ है, जिसको लेकर अब एयर इंडिया एक्सप्रेस फ्लाइट सेवा शुरू करने जा रही है।

यात्रियों को होगी सहूलियत

रांची के लोग पढ़ाई और अक्सर अपने कारोबार के सिलसिले में हैदराबाद जाते रहते हैं। हैदराबाद के लिए नई फ्लाइट की जरूरत है। ऐसे में तीसरी फ्लाइट शुरू हो जाने से यात्रियों के सामने आने जाने को लेकर ज्यादा विकल्प होंगे। रांची के लोग अक्सर इलाज को लेकर भी हैदराबाद जाते रहते हैं, अगर नई फ्लाइट का समय पहले की दोनों फ्लाइट से अलग रखा जाए तो यह 'यादा सुविधाजनक होगी। बता दें कि भविष्य में और भी कई एयरलाइन कंपनियां अपनी सेवा रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से देने के लिए पाइपलाइन में हैं।