रांची(ब्यूरो)। समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करके खास पहचान बनाने वाली 17 शख्सियतों को दैनिक जागरण आईनेक्स्ट की ओर से शनिवार को झारखंड आइकॉन अवार्ड 2024 से नवाजा गया। इन रिनाउंड पर्सनॉलिटीज में फेमस शिक्षाविद, डॉक्टर्स, होनहार एंटरप्रेन्योर्स समेत अन्य शामिल थे। चीफ गेस्ट झारखंड की कृषि कल्याण एवं आपदा प्रबंधन मंत्री दीपिका पांडेय सिंह थीं। इस दौरान प्रोग्राम के पॉवर्ड बाई स्पांसर आईआईपीएस रांची के किशन मौर्य और प्रिंस इलेक्ट्रॉनिक के रोहन कुमार को भी सम्मानित किया गया। वहीं, इन्होंने भी सम्मानित पर्सनालिटीज को प्रोत्साहित किया। सम्मान समारोह का आयोजन सुरेंद्रनाथ स्कूल के पास होटल प्लाटू में किया गया था। शुभारंभ मुख्य अतिथि दीपिका पांडेय सिंह, दैनिक जागरण के जीएम पारितोष झा ने दीप जलाकर किया। संचालन दैनिक जागरण आईनेक्स्ट के संपादकीय प्रभारी नदीम अख्तर ने किया। मार्केटिंग हेड विशाल कुमार ने अतिथियों का स्वागत बुके देकर किया।

शानदार पहल

मैं इनका सम्मान कर रही हूं या इन शख्सियतों का सम्मान कर खुद सम्मानित हो रही हूं। शब्दों के साथ चीफ गेस्ट मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने समाज सेवा करने वाली हस्तियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि रांची प्रतिभाओं से भरी है। यहां की प्रतिभा का जब सम्मान होता है तो और भी लोग ऐसा करने के लिए प्रेरित होते हैं। उनके अंदर भी कुछ बड़ा करने का जज्बा जागृत होता है। यह बहुत अच्छी बात है कि यह जिम्मेदारी दैनिक जागरण आईनेक्स्ट बखूबी निभा रहा है। अच्छे लोगों का चयन करके उनका सम्मान करना एक अच्छी पहल है। समाज में जहां कहीं बेहतर काम हो रहा हो, उसे प्रोत्साहन मिलना ही चाहिए। जब कभी किसी उत्कृष्ट कार्य करने वाले को सम्मानित किया जाता है, तो उससे हौसला बढ़ता है। यह वास्तव में दैनिक जागरण आईनेक्स्ट की शानदार पहल है।

गूंजती रही तालियों की गडग़ड़ाहट

सम्मान समारोह की शुरुआत के साथ ही एक-एक कर अवॉर्डीज के नाम बोले जा रहे थे, तब पूरा हाल तालियों से गूंज रहा था। अवॉर्डीज के साथ आए उनके परिजन तालियां बजाकर उनका मनोबल और बढ़ा रहे थे। इसके साथ ही अवॉर्ड के साथ हर कोई अलग-अलग परिवार के साथ सेल्फी भी लेता दिखा। इस प्रोग्राम के बीच में एक-एक कर अवॉर्ड पाने वाले अवॉर्डी ने अपना एक्सपीरियंस और संघर्ष की कहानी को भी शेयर किया।

काम का मिला ईनाम

आयोजित सम्मान समारोह में कुल 17 लोगों को विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इनमें चिकित्सा सेवा, डेवलपमेंटल एन्टरप्रेन्योर, शिक्षा सेवा, दिव्यांग सेवा, गर्ल चाइल्ड एम्पावरमेंट, समाज सेवा, विज्ञान, साहित्य, स्किल डेवलपमेंट आदि फील्ड से जुड़े लोग शामिल हुए। ये ऐसे लोग हैं, जिन्होंने अलग-अलग क्षेत्र में कई बेहतरीन काम किए हैं, जिससे समाज के कई लोग लाभान्वित हुए हैं। इस अवार्ड में शामिल हुए ऐसे लोग भी हैं जो आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को आगे बढ़ाने के लिए अपनी तरफ से प्रयास कर रहे हैं और लोगों को बेहतर जीवन देने और बेहतर इंसान बनने में अपना योगदान दे रहे हैं। कई स्वास्थ्य क्षेत्र की हस्तियों ने स्वास्थ्य के क्षेत्र में लोगों को बेहतरीन स्वास्थ्य सर्विस देने का भी काम किया है।

सम्मान पाकर खिले चेहरे

झारखंड आइकॉन अवार्ड 2024 पाने वाली विभूतियां कैबिनेट मिनिस्टर दीपिका पांडेय सिंह के हाथों सम्मान पाकर काफी खुश नजर आईं। अवार्ड पाने वाले लोगों ने दैनिक जागरण आई नेक्स्ट की इस मुहिम की खूब सराहना की। लोगों ने कहा कि आज काम का ईनाम मिला है, अगर कोई संस्थान लोगों के बीच काम करने वाले बेहतर लोगों की तलाश करके उन्हें सम्मानित करता है तो इससे उनका हौसला भी बढ़ जाता है और उनकी रिस्पांसिब्लिटी समाज के लिए और बढ़ जाती है।