जमशेदपुर (ब्यूरो): इस प्रक्रिया में विश्वविद्यालय के प्रथम एवं द्वितीय वर्ष स्नातक की छात्राओं ने भाग लिया। चयन प्रक्रिया के अंतर्गत लिखित परीक्षा, शारीरिक परीक्षा और साक्षात्कार आयोजित किए गए। चयन का आयोजन 37 झारखंड बटालियन द्वारा किया गया, जिसमें विश्वविद्यालय की केयरटेकर अधिकारी प्रीति, जीसीआई (गर्ल्स कैडेट इंस्ट्रक्टर) रुचिता गौतम एवं पीआई स्टाफ ने अहम भूमिका निभाई। लिखित परीक्षा में विद्यार्थियों की सामान्य ज्ञान, एनसीसी के बुनियादी सिद्धांतों एवं नेतृत्व क्षमता की जांच की गई। इसके बाद शारीरिक परीक्षा और साक्षात्कार द्वारा विद्यार्थियों की फिटनेस और अनुशासन का मूल्यांकन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को एनसीसी के माध्यम से देशसेवा और अनुशासन को जीवन में अपनाने का संदेश दिया गया।
अनिमा कुमारी का थल सेना कैंप के लिए चयन
जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय की एनसीसी इकाई की कैडेट अनिमा कुमारी का चयन प्रतिष्ठित थल सेना कैंप, दिल्ली के लिए किया गया है। यह कैंप एनसीसी के सबसे महत्वपूर्ण और प्रतिष्ठित प्रशिक्षण कार्यक्रमों में से एक है, जिसमें देशभर से चुने गए कैडेट्स को भारतीय सेना के विभिन्न पहलुओं और अनुशासन का गहन प्रशिक्षण प्राप्त होता है। अनिमा कुमारी 3 सितंबर से 13 सितंबर 2024 तक दिल्ली में इस कार्यक्रम में भाग लेंगी। गम्हरिया निवासी अनिमा कुमारी भूगोल विषय से यूजी सेमेस्टर 4 की छात्रा हैं। उनका यह चयन विश्वविद्यालय और एनसीसी इकाई के लिए एक बड़ी उपलब्धि है, जो न केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान है, बल्कि पूरे विश्वविद्यालय के लिए गर्व का क्षण है। इस अवसर पर विश्वविद्यालय की कुलपति, प्रो। डॉ। अंजिला गुप्ता ने अनिमा कुमारी को शुभकामनाएं दीं। अनिमा कुमारी की यह उपलब्धि उनकी अथक मेहनत, समर्पण और अनुशासन का परिणाम है। कुलपति प्रो। डॉ। अंजिला गुप्ता ने 37 झारखंड बटालियन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल विनय आहूजा को भी इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए बधाई दी। केयरटेकर ऑफिसर (सीटीओ) प्रीति ने भी अनिमा कुमारी को प्रेरित करते हुए कहा कि अनिमा कुमारी ने हमेशा अनुशासन, दृढ़ संकल्प और उत्कृष्टता का परिचय दिया है। उनकी यह उपलब्धि सभी कैडेट्स के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण बनेगी।