जमशेदपुर (ब्यूरो): इस दौरान सांसद ने कहा कि इस बजट में रेल के लिए कुल 2 लाख 62 हजार रुपये की धनराशि आवंटित की गई है। इसे देखकर पता चलता है कि यह बजट वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने के लक्ष्य को प्राप्त करने वाला एक समावेशी बजट है। कहा कि कल झारखंड के चक्रधरपुर डिविजन में रेल हादसा हुआ। किसी भी प्रकार की दुर्घटना का होना दुखद पहलू है। झारखंड में जो दुर्घटना हुई है, उसमें दो लोगों की जान चली गई है। दुर्घटना में मृत लोगों की मुआवजा देकर कीमत नहीं लगाई जा सकती है। उन्होंने मृतकों प्रति अपनी संवेदना प्रकट की। कहा कि रेल दुर्घटना कम करने को लेकर सरकार गंभीर है। कहा कि जिनको लोगों की मृत्यु पर राजनीति करने में मजा आता है, वे दुर्घटनाओं को भी राजनीतिक रंग देने की कोशिश करते हैं। कुछ लोग सोशल मीडिया में रेल को बदनाम करने का काम कर रहे हैं, जिसे किसी भी कारण से सही नहीं ठहराया जा सकता है।
रेल दुर्घटनाओं में आई कमी
सांसद ने कहा कि आंकड़ों के अनुसार 2013-14 में 3699 डिरेलमेंट्स हुई। यानी हर दिन 10 से अधिक डिरेलमेंट्स हुई। इसके साथ-साथ 2023- 24 में हमारी सरकार के समय में डिरेलमेंट्स की संख्या घटकर लगभग 481 हुई। अगर इसके बाद देखेंगे तो कांग्रेस सरकार के दौरान प्रतिदिन साढ़े दस डिरेलमेंट्स होते थे। वर्ष 2005 में ऐसी 234 रेल दुर्घटनाएं हुई। इसी तरह, वर्ष 2006 में दुर्घटनाओं की संख्या 195 हुई। वर्ष 2007 में यह 194 रही। इसके बाद वर्ष 2008 में 165 दुर्घटनाएं हुई।
भुवनेश्वर-जमशेदपुर से पटना के बीच चलेगी वंदे भारत
सांसद श्री महतो ने कहा वर्ष 2018-19 में 55 रेल दुर्घटनाएं हुई जबकि वर्ष 2023 में मात्र 24 दुर्घटनाएं हुई। आज हम न सिर्फ ज्यादा से च्यादा रेलगाडिय़ों को चलाने पर ध्यान दे रहे है, बल्कि उनको मॉडर्न बनाने पर भी ध्यान दे रहे हैं। पीएम मोदी के कुशल नेतृत्व में वल्र्ड क्लास ट्रेनें चलनी शुरू हो गयी हैं। रेल मंत्री ने दो वंदे भारत एक्सप्रेस की घोषणा की, जो जमशेदपुर से भुवनेश्वर और जमशेदपुर से पटना के बीच चलेगी। इसके साथ-साथ ही उन्होंने टाटानगर से बनारस के बीच एक ट्रेन चलाने की मांग की।
रेल बजट में झारखंड को 7302 करोड़
सांसद ने कहा कि इस वर्ष के बजट में झारखंड के लिए 7302 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। वर्ष 2009 से 2014 के बीच में अगर देखा जाए तो तत्कालीन रेल मंत्री जी ने झारखंड के लिए 457 करोड़ रुपये आवंटित किए थे। इस तरह, आज झारखंड के लिए रेलवे आवंटन में 16 गुना वृद्धि हुई है।
टाटानगर स्टेशन के जीर्णोद्धार के लिए 456 करोड़ का आवंटन
इसके साथ ही उन्होंने टाटा नगर से जयपुर तक एक ट्रेन चलाने की मांग की। इसी तरह टाटानगर से जय नगर तक ट्रेन चलाने के साथ ही सांतरागाछी से अजमेरशरीफ तक चलने वाली साप्ताहिक रेलगाड़ी का जयपुर तक विस्तार करने, हावड़ा से जयपुर जाने वाली ट्रेन सेवा को सप्ताह में दो दिन वाया टाटानगर चलाने, टाटा से काटपाड़ी होते हुए बेंगलुरु तक के लिए एक सुपरफास्ट ट्रेन चलाने की भी जरुरत बताई। इसके अलावा गीतांजलि एक्सप्रेस और संतरा गाछी से अजमेर शरीफ तक चलने वाली साप्ताहिक ट्रेन का ठहराव घाटशिला रेलवे स्टेशन पर करने, टाटा नगर खडग़पुर मेमु ट्रेन का ठहराव गालुडीह, स्टील एक्सप्रेस का ठहराव धालभूमगढ़ स्टेशन पर करने की मांग की। उन्होंने टाटानगर स्टेशन के जीर्णोद्धार के लिए 456 करोड़ रुपये का आवंटन के प्रति भी रेल मंत्री का आभार जताया।