जमशेदपुर (ब्यूरो): कुड़मी सेना द्वारा आगामी 15 सितंबर को बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में राष्ट्रीय करम महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसकी तैयारी जोर-शोर से चल रही है। कुड़मी सेना के केंद्रीय अध्यक्ष शैलेंद्र महतो ने बताया कि राष्ट्रीय करम महोत्सव की तैयारी अंतिम चरण में है। साकची स्थित एक होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने बताया कि महोत्सव का उद्घाटन करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बतौर मुख्य अतिथि झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार को आमंत्रित किया गया है। इसके लिए आवश्यक प्रक्रिया चल रही है। इस हेतु प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) तथा राजभवन को जरूरी जानकारी और दस्तावेज भी भेज दी गयी है।

बिहार और बंगाल के मंत्री भी होंगे शामिल

मौके पर कुड़मी सेना के केंद्रीय महासचिव अरविंद कुमार महतो ने बताया कि अन्य अतिथियों में झारखंड सरकार के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन, बिहार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, पश्चिम बंगाल के कुटीर उद्योग मंत्री श्रीकांत महतो, सांसद विद्युत वरण महतो, सिल्ली के विधायक सुदेश महतो, गिरिडीह के सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी, ओडिशा की राज्यसभा सांसद ममता महंता, आदि शामिल होंगे।

बांटे जाएंगे 10 हजार फलदार पौधे

कुड़मी सेना के प्रदेश अध्यक्ष विशाल चंद्र महतो ने बताया कि कार्यक्रम में आनेवाले सभी लोगों के बीच 10 हजार फलदार पौधे बांटे जाएंगे। इसमें शामिल होनेवाले सभी लोगों से पीली ड्रेस में आने की अपील की गई है। बताया कि हाल में चुनाव जीतनेवाली पुलिस मेंस एसोसिएशन की पूरी टीम को सम्मानित किया जाएगा।

बिंदु महंता प्रस्तुत करेंगी झूमर

शैलेंद्र ने बताया कि कार्यक्रम में झारखंड सहित बिहार व बंगाल के लाखों लोग शामिल होने का अनुमान है। इसके लिए अब तक एक लाख से अधिक हैंडबिल वितरित की जा चुकी है। सोशल मीडिया प्लेटफार्म में भी प्रचार जारी है। आयोजन में ओडिशा की बिंदु महंता झूमर गीत प्रस्तुत करेंगी। साथ ही समाज के 5 चिकित्सकों को कुड़मी रत्न तथा लगभग 25 सामाजिक कार्यकर्ताओं को अचीवमेंट अवार्ड प्रदान किया जाएगा।

इनकी रही मौजूदगी

संवाददाता सम्मेलन में शैलेंद्र महतो के साथ पोबीर महतो, बिष्णु देव महतो, विकास महतो, डीके महतो, अजय महतो, प्रशांत महतो, किशोर महतो, पीडी महतो, दीवाकर महतो, सुनील महतो, धनंजय महतो, सोनू महतो सहित भारी संख्या से कुड़मी सेना के सदस्य उपस्थित थे।