जमशेदपुर (ब्यूरो): श्रीश्री दुर्गा पूजा कमिटी, प्रवीण सेवा संस्थान द्वारा एम टाईप मैदान, आदित्यपुर में बनवाए गए भव्य और आकर्षक पूजा पंडाल को कलश स्थापना की पूर्व संध्या (महालया अमावश्या के दिन) पर देर शाम दर्शकों के लिए खोल दिया गया। इसके बाद पूजा पंडाल को देखने के लिए दर्शकों की भीड़ उमड़ पड़ी। दर्शकों की भारी भीड़ को नियंत्रित करने में काफी मशक्कत का सामना करना पड़ा। इससे पूर्व पूजा पंडाल का उदघाटन मुख्य अतिथि के रुप में उपस्थित ओलंपियन (निशानेबाजी) सह जमुई (बिहार) की विधायक श्रेयशी सिंह ने फीता काटकर किया, उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए श्रेयशी सिंह ने कहा कि पिता स्व दिग्विजय सिंह जी की मृत्यु के बाद जब में पूर्व विधायक अरविंद सिंह से उनके जमुई स्थित आवास पर मुलाकात की थी, तब अभिभावक के रूप में उन्होंने मुझे आगे बढऩे के लिए प्रेरित किया था। पिता स्व दिग्विजय सिंह तथा माँ पुतुल सिंह से प्राप्त संस्कार के साथ मैने बिहार का प्रतिनिधित्व किया और राष्ट्र मंडल खेलों में रजत पदक प्राप्त किया उसके बाद ऑस्ट्रेलिया के कोमन्वेल्थ गेम में स्वर्ण पदक प्राप्त किया।

पश्चिम बंगाल के कारीगर

मेचेदा, बंगाल से आये मां पार्वती डेकोरेटर के कारीगरों के द्वारा दिन-रात मेहनत करके म्यांमार के गोल्डन टेंपल स्वरूप के पूजा पंडाल को तैयार किया गया है जो बौद्ध धर्म की थीम पर आधारित है। आकृति की पूजा पंडाल बनवाया गया है, जो कि स्वत: दर्शकों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है। पंडाल के चारों तरफ वॉल राइटिंग समेत पोस्टर में बुद्ध की अमृतवाणी को प्रसारित गया है। वहीं, हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दो माह पूर्व हीं पंडाल के चारों तरफ हरे-भरे पौधे लगाए गए है। पंडाल में सर्व-धर्म संभाव के संदेश को बखूबी से दर्शया भी गया है। बुद्धिज्म अर्थात बौद्ध धर्म की थीम पर आधारित इस भव्य पंडाल में दर्शकों को भारतीय सभ्यता और संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। साथ हीं पंडाल परिसर में गौतम बुद्ध की जीवनी का प्रदर्शन होगा।

ये रहे उपस्थित

इस अवसर पर पूर्व विधायक अरविंद कुमार सिंह, विनायक सिंह, ए के श्रीवास्तव, रविंद्र नाथ चौबे, बिरेंद्र सिंह, जगदीश नारायण चौबे, सरयू पासवान, ऋषि मिश्रा, चंदन सिंह, मजदूर नेता भगवान सिंह, छबि महतो, विहिप नेता भगवान सिंह, मनोज सिंह, रिपुसुदन दूबे, प्रसिद्ध नारायण सिंह, दशरथ उपाध्याय, विनीता अविनाश, समरेद्र नाथ तिवारी, रणवीर सिंह, अरुण सिंह, शशि मिश्रा, धर्मनाथ शर्मा, सोखेन हेम्ब्रम, दलवीर सिंह आदि उपस्थित थे।