पटना ब्‍यूरो। सुनीता देवी कंकड़बाग की रहने वाली हैं। उन्हें शनिवार को दिल्ली के लिए निकलना था। दिल्ली जाने के लिए वह तत्काल टिकट लेने शुक्रवार की सुबह आठ बजे पटना जंक्शन पहुंची थीं। पर, चार घंटे बीतने के बाद भी उन्हें टिकट नहीं मिल सका। इसी तरह पटना के आकाश को कोलकाता जाना था। वह भी सुबह तत्काल टिकट के लिए पहुंचे थे, बावजूद उन्हें भी टिकट उपलब्ध नहीं हो पाया। वजह कि शुक्रवार को सुबह पांच बजे से लेकर दोपहर 12 बजे तक रेलवे का सर्वर ठप रहा। जिसके कारण यात्रियों का आरक्षित टिकट नहीं कट सका। टिकट की कैंसिलेशन सुविधा भी ठप रही। सर्वर ठप रहने से सबसे ज्यादा परेशानी तत्काल टिकट लेने के लिए पहुंचे लोगों को हुई। लोगों ने बताया कि सुबह से ही तत्काल टिकट के लिए लाइन में लगे हैं। पर, सर्वर डाउन है, जिसकी वजह से टिकट नहीं मिल सका। टिकट नहीं मिलने से लोग परेशान दिखे। करीब सात घंटे तक जंक्शन पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

12 बजे बाद सर्वर हुआ ठीक
दरअसल, पूर्व मध्य रेल और ईस्टर्न रेलवे का सर्वर शुक्रवार की सुबह 4:55 से ठप हो गया। ऐसे में यूजर्स टिकट नहीं काट पा रहे थे। सर्वर ठप रहने से ऑनलाइन और काउंटर टिकट दोनों की ही सेवाएं ठप रहीं। पूर्व मध्य रेल और ईस्टर्न रेलवे के सर्वर में समस्या होने के कारण लोगों को तत्काल और सामान्य टिकट लेने के लिए भी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि 12 बजे के करीब दोबारा सर्वर ठीक होने से काम शुरू हुआ। इस दौरान सात घंटे तक सर्वर बाधित रहा।

टिकट लेने स्टेशन पहुंचे यात्री
पटना जंक्शन पर सर्वर फेल होने के कारण रेल यात्रियों की टिकट काउंटर पर लंबी कतार लगी रही। लोगों ने बताया कि घर से टिकट बुक कर रहे थे, पर सर्वर नहीं खुल रहा था। जिसके बाद स्टेशन आना पड़ा पर यहां भी वही स्थिति है। परेशान यात्री रेलवे प्रशासन को कोसते रहे। इधर, रेलवे कर्मचारियों ने सर्वर नहीं होने के कारण काउंटर बंद का नोटिस लगा दिया गया।

कैंसिल नहीं करा सके टिकट
राजधानी के प्रमुख रेलवे स्टेशन पर प्रतिदिन हजारों की संख्या में लोग टिकट लेने पहुंचते हैं। सुबह 8:00 बजे से आरक्षित केंद्र पर टिकट बनना शुरू हो जाता है। शुक्रवार को भी सुबह से ही लोग टिकट बनवाने के लिए काउंटर पर जुटने लगे। सर्वर फेल होने से आरक्षण कार्य बाधित रहा। इस कारण ना तो चार्ट प्रिपेयर हो सकता है और ना ही टिकट कैंसिल हो सका है।

दो काउंटर ही हो सके शुरू
सर्वर ठीक होने के बाद भी यात्रियों की परेशानी कम नहीं हुई। कतार में लगे लोगों को टिकट लेने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा। चूकि सर्वर ठीक होने के बाद सिर्फ दो ही काउंटर शुरू हो सके। बाकी के सभी 10 काउंटरों पर टिकट काटना शुरू नहीं हो सका था। जो काउंटर शुरू भी हुए तो उस पर सिर्फ एक तरफ का ही टिकट मिल रहा था। वहीं टिकटों की कैंसिलेशन भी नहीं हो रही थी।


सभी स्टेशनों का यही रहा हाल
बता दें कि पूर्व मध्य रेलवे (ईसीआर) भारत के 19 रेलवे जोनों में से एक है। इसका मुख्यालय हाजीपुर में है और इसमें सोनपुर, समस्तीपुर, दानापुर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और धनबाद डिवीजन शामिल हैं। वही ईस्टर्न रेलवे का मुख्यालय कोलकाता है। इसमें हावड़ा, सियालदह, आसनसोल, मालदा डिवीजन शामिल है। ईसीआर का सर्वर ठप होने से इन तमाम डिवीजन के यात्रियों को टिकल लेने में परेशानी हुई।

पूर्व मध्य रेलवे और ईस्टर्न रेलवे का शुक्रवार को करीब सात घंटे तक सर्वर ठप रहा। दोपहर 12 बजे के बाद सर्वर ठीक हो जाने के बाद सभी कार्य सुचारू रूप से शुरू हो गए। इस दौरान लोगों को मैनुअल पीएनआर जेनरेट कर हाथ से टिकट भी टिकट बनाकर दिए गए।
- सरस्वती चंद्र, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी