पटना ब्‍यूरो। रक्षाबंधन पर सोमवार को बहनें सिटी बस सेवा का मुफ्त सफर कर सकेंगी। परिवहन विभाग ने इसे लेकर शनिवार को आदेश जारी किया है। सुबह छह बजे से रात साढ़े नौ बजे तक शहर में चलने वाली सिटी बसों में यह सुविधा उपलब्ध होगी। ये जानकारी परिवहन सचिव संजय कुमार अग्रवाल ने दी। उन्होंने बताया कि सिटी सर्विस की बसों में महिलाओं की भागीदारी को प्रोत्साहित करने एवं सुरक्षित सफर के लिए रक्षाबंधन पर विशेष सुविधा प्रदान की जाएगी।

रात 9.30 बजे तक मिलेगी सुविधा
परिवहन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि रक्षाबंधन के दिन पथ परिवहन निगम द्वारा संचालित बसों में यात्रा करने वाली महिलाएं व छात्राओं को फ्री बस सेवा की सुविधा सुबह 6 बजे से रात्रि 9.30 बजे तक मिलेगी। अधिकारियों ने बताया कि बिहार राजपथ परिवहन निगम की पटना नगर बस सेवा के मार्ग संख्या 111, 222, 444, 555, 666, 888, 100, 200, 999 एवं पाटलिपुत्र बस टर्मिनल से परिचालित बसों में नि: शुल्क यात्रा कर सकती हैं।

135 बसों का किया जा रहा परिचालन
परिवहन सचिव संजय कुमार अग्रवाल ने बताया कि बिहार राज्य पथ परिवहन निगम द्वारा राजधानी में कुल 135 सिटी सर्विस बसों का परिचालन किया जा रहा है। इसमें 25 इलेक्ट्रिक शेष सभी सीएनजी बसें हैं। इन सभी बसों में रक्षाबंधन के दिन महिलाओं एवं छात्राओं के लिए बस सेवा पूरी तरह फ्री रहेगी। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के प्रशासक अभय झा ने बताया कि 2018 से पटना शहर के विभिन्न मार्गों पर बिहार राजपथ परिवहन निगम द्वारा सिटी बस सेवा का परिचालन किया जा रहा है। सिटी बसों का उपयोग महिलाओं द्वारा बड़ी संख्या में की जाती है और महिलाओं के बीच सिटी बस सेवा काफी लोकप्रिय है।

65 प्रतिशत सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित
सभी बसों में 65 फीसदी सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित किये गए हैं। बसों में सफर के दौरान महिलाएं सुरक्षित महसूस कर सकें इसके लिए बसों में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं एवं अन्य सुविधाएं प्रदान किये गए हैं। पाटलिपुत्र कॉलानी में रहने वाली अनिता ने बताया कि अपने भाई को राखी बांधने के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज के पास जाना है। वहां जाने आने में 200 रुपए खर्च हो जाता है। बस फ्री होने का लाभ इस बार उठाउंगी।