कानपुर(इंटरनेट डेस्क)। Delhi CM Atishi : आम आदमी पार्टी (आप) की नेता आतिशी आज शाम को अपने नए मंत्रिपरिषद के साथ दिल्ली के सीएम पद की शपथ लेंगी। पार्टी द्वारा घोषित नए मंत्रिपरिषद में सुल्तानपुर माजरा के विधायक मुकेश अहलावत के अलावा गोपाल राय, कैलाश गहलोत, सौरभ भारद्वाज और इमरान हुसैन शामिल हैं। आतिशी सुषमा स्वराज और शीला दीक्षित के बाद इस पद पर आसीन होने वाली तीसरी महिला होंगी। वहीं पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी के बाद वह दूसरी महिला होंगी जो वर्तमान में सीएम के रूप में कार्यरत होंगी।

आतिशी का पार्टी में बड़ा रोल

आतिशी वर्तमान में दिल्ली कैबिनेट में एकमात्र महिला मंत्री हैं और वित्त, जल, शिक्षा, लोक निर्माण विभाग, बिजली, राजस्व, योजना, सेवा, कानून, न्याय, सूचना और प्रचार, तथा सतर्कता सहित सबसे अधिक विभागों की देखरेख करती हैं। इसके अलावा, वह आप की राजनीतिक मामलों की समिति (PAC) की सदस्य हैं। आप के अनुसार, आतिशी ने शुरुआती दौर में पार्टी की नीतियों को आकार देने में एक खास रोल प्ले किया।

आतिशी की पढ़ाई-लिखाई

सीएम आतिशी उन्होंने स्प्रिंगडेल्स स्कूल से स्कूलिंग की। इसके बाद दिल्ली यूनिवर्सिटी के सेंट स्टीफंस कॉलेज से इतिहास में बीए ऑनर्स किया, जहां उन्हें बेहतरीन प्रदर्शन के लिए स्कालरशिप के साथ राजपाल मेमोरियल पुरस्कार मिला। इसके बाद शेवनिंग स्कालरशिप पर मास्टर डिग्री हासिल करने के लिए ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी चली गईं। कुछ साल बाद उन्होंने एजूकेशन रिसर्च में रोड्स स्कॉलर के रूप में ऑक्सफोर्ड से अपनी दूसरी मास्टर डिग्री हासिल की।

आतिशी का बैकग्राउंड

आतिशी का जन्म 8 जून, 1981 को एक पंजाबी और राजपूत परिवार में हुआ था। उनके पैरेंट्स विजय सिंह और तृप्ता वाही, दिल्ली यूनिवर्सिटी में प्रोफेसर थे। कहा जाता है कि अतिशी का सर नेम "मार्लेना", मार्क्स और लेनिन का एक संयोजन है। 2018 में, राष्ट्रीय चुनावों से ठीक पहले, उन्होंने अपना सरनेम इस्तेमाल करना बंद कर दिया था।

National News inextlive from India News Desk